1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. मॉस्को कर रहा बड़ी प्लानिंग! आखिर क्यों किम से मिलने उत्तर कोरिया पहुंचे रूस के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी

मॉस्को कर रहा बड़ी प्लानिंग! आखिर क्यों किम से मिलने उत्तर कोरिया पहुंचे रूस के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी

 Published : Mar 21, 2025 04:00 pm IST,  Updated : Mar 21, 2025 04:00 pm IST

रूस के सुरक्षा परिषद सचिव सर्गेई शोइगु उत्तर कोरिया पहुंचे हैं। सर्गेई शोइगु का यह उत्तर कोरिया दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। शोइगु किम जोंग उन सहित उत्तर कोरिया के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

उत्तर कोरिया पहुंचे रूस के सुरक्षा परिषद सचिव सर्गेई शोइगु (L)- India TV Hindi
उत्तर कोरिया पहुंचे रूस के सुरक्षा परिषद सचिव सर्गेई शोइगु (L) Image Source : AP

सियोल: उत्तर कोरिया ने हाल ही में यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में सहायता के लिए रूस में अतिरिक्त सैनिक भेजे हैं। इस घटनाक्रम के बाद अब रूस के एक शीर्ष सुरक्षा अधिकारी उत्तर कोरिया पहुंचे है। रूसी सरकारी समाचार एजेंसी TASS ने बकाया कि रूस के सुरक्षा परिषद सचिव सर्गेई शोइगु उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग पहुंचे हैं और किम जोंग उन सहित उत्तर कोरिया के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। शोइगु किम के साथ क्या चर्चा करेंगे इस बारे में जानकारी नहीं दी गई है। उत्तर कोरिया की आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने शोइगु के नेतृत्व में एक रूसी प्रतिनिधिमंडल के आगमन की पुष्टि की है, लेकिन उनकी यात्रा के उद्देश्य के बारे में नहीं बताया है। 

उत्तर कोरिया कर रहा है रूस की मदद

अमेरिका, दक्षिण कोरिया और यूक्रेन के खुफिया अधिकारियों के अनुसार, उत्तर कोरिया रूस को भारी मात्रा में पारंपरिक हथियार मुहैया करा रहा है और पिछले साल उसने रूस को करीब 10,000 से 12,000 सैनिक भी भेजे थे। फरवरी के आखिर में, दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी ने कहा था कि उत्तर कोरिया ने रूस को अतिरिक्त सैनिक भेजे हैं। दक्षिण कोरियाई मीडिया ने हाल ही में भेजे गए उत्तर कोरियाई सैनिकों की संख्या करीब 1,000 से 3,000 बताई है।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

दक्षिण कोरिया, अमेरिका और अन्य देशों को संदेह है कि उत्तर कोरिया हथियार और सैनिक मुहैया कराने के बदले में रूस से आर्थिक और सैन्य सहायता प्राप्त कर रहा है। कई विशेषज्ञों का कहना है कि युद्ध समाप्त होने से पहले रूस से जितना संभव हो सके उतना लाभ प्राप्त करने के लिए उत्तर कोरिया रूस को अपना समर्थन बढ़ाएगा।

रूस का दौरा कर सकते हैं किम

कुछ पर्यवेक्षकों का कहना है कि शोइगु की यात्रा किम की संभावित रूस यात्रा से संबंधित हो सकती है। जून 2024 में, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्योंगयांग का दौरा किया था और किम के साथ एक प्रमुख पारस्परिक रक्षा संधि पर हस्ताक्षर किए थे। उस समय, पुतिन ने किम को मास्को आने का निमंत्रण दिया था। माना जा रहा है कि किम भी जल्द ही रूस का दौरा कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें:

सुनीता विलियम्स और विल्मोर को नहीं मिलेगा अंतरिक्ष में ज्यादा दिन रहने का ‘ओवरटाइम’ पेमेंट, जानें वजह

गाजा में मौत से जीती जिंदगी, हमले में माता-पिता को खोने के बाद मलबे से जिंदा निकली 1 माह की बच्ची; देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश