1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. उजैर बलोच के भाई पर ल्यारी में ताबड़तोड़ फायरिंग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, ताजा अपडेट आया सामने

उजैर बलोच के भाई पर ल्यारी में ताबड़तोड़ फायरिंग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, ताजा अपडेट आया सामने

 Written By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX
 Published : Jul 31, 2026 02:58 pm IST,  Updated : Jul 31, 2026 02:58 pm IST

कराची के ल्यारी में गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और 2 राहगीर भी जख्मी हो गए। पुलिस गैंगवार और निजी दुश्मनी समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है, जबकि इलाके में गैंगवार लौटने की चर्चाएं तेज हैं।

Uzair Baloch, Zubair Baloch shooting, Lyari Karachi- India TV Hindi
उजैर बलोच। Image Source : X.COM/GUPTCHARBRIEF

Highlights

  • कराची के ल्यारी में उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर अंधाधुंध फायरिंग हुई।
  • गोलीबारी में दो राहगीर भी घायल, पुलिस गैंगवार और निजी दुश्मनी दोनों एंगल से जांच कर रही।
  • हमलावर बाइक पर आए, चेहरा ढका था; जवाबी फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए।

कराची: पाकिस्तान के कराची शहर के ल्यारी इलाके में गुरुवार शाम जेल में बंद गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर अंधाधुंध फायरिंग की खबर सामने आई है। इस हमले में जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि 2 राहगीर भी गोली लगने से जख्मी हो गए। तीनों को तुरंत कराची के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चाकीवाड़ा पुलिस के मुताबिक, करीब 40 साल के जुबैर बलोच को मुख्य चाकीवाड़ा रोड पर गोली मारी गई। दक्षिण कराची के DIG सैयद असद रजा ने बताया कि जुबैर अपने घर के बाहर सिंगू लेन में बैठा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार हथियारबंद हमलावर पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

अस्पताल में अब कैसी है जुबैर बलोच की हालत?

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जुबैर के सीने और पेट में कई गोलियां लगी हैं और ताजा अपडेट यह है कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका ऑपरेशन किया जा रहा है। घायल हुए 2 राहगीरों में से एक की हालत भी गंभीर बताई गई है।  DIG असद रजा ने बताया कि पुलिस इस हमले की कई पहलुओं से जांच कर रही है। इसमें गैंगवार और निजी दुश्मनी दोनों एंगल शामिल हैं। पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि जुबैर बलोच को वर्ष 2012 में 7 आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया गया था। बाद में वह जनवरी 2025 में जेल से रिहा हुआ था।

अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद वापस कराची लौटे गैंगस्टर

ल्यारी के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि कुछ महीने पहले जुबैर एक राजनीतिक दल में शामिल हुआ था और उसने अपने इलाके में उस पार्टी के झंडे भी लगाए थे। सामाजिक कार्यकर्ता ने यह भी कहा कि ल्यारी में ऐसी चर्चाएं हैं कि कराची ऑपरेशन के दौरान दुबई और ईरान भागे कुछ गैंगस्टर अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद वापस लौट आए हैं। इससे इलाके के लोगों में एक बार फिर पुराने गैंगवार के लौटने का डर पैदा हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। घटना के दौरान पास की एक दुकान के मालिक ने जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले।

जेल में बंद उजैर बलोच के खिलाफ चल रहे कई मामले

उधर, जेल में बंद उजैर बलोच के खिलाफ भी कई गंभीर मामले चल रहे हैं। मार्च में एक आतंकवाद निरोधी अदालत यानी ATC ने हत्या, पुलिस मुठभेड़ और विस्फोटक रखने से जुड़े 7 मामलों में उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। उजैर बलोच और उसके साथियों पर वर्ष 2012 में कलाकोट थाना क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों पर हथियारों और विस्फोटकों से हमला करने का आरोप है। इससे पहले अप्रैल 2020 में एक सैन्य अदालत ने उजैर बलोच को जासूसी का दोषी ठहराते हुए 12 साल की जेल की सजा सुनाई थी। बता दें कि उजैर और जुबैर कुख्यात गैंगस्टर रहमान डकैत के भाई हैं।

ये भी पढ़ें: कौन था उजैर रहमान, दुश्मन के सिर से खेलता था फुटबॉल, 'धुरंधर' में खूंखार गैंगस्टर के किरदार में छा गया ये एक्टर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश