1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. वेस्ट बैंक में हिंसा का नया दौर, दो मस्जिदों में लगाई आग, इजरायल पर आगजनी का आरोप, बढ़ा तनाव

वेस्ट बैंक में हिंसा का नया दौर, दो मस्जिदों में लगाई आग, इजरायल पर आगजनी का आरोप, बढ़ा तनाव

 Written By: Niraj Kumar @nirajkavikumar1
 Published : Jul 26, 2026 11:13 pm IST,  Updated : Jul 26, 2026 11:27 pm IST

वेस्ट बैंक में बढ़ती हिंसा के बीच दो मस्जिदों में आगजनी का मामला सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक, उत्तरी वेस्ट बैंक के कुसरा और कौर गांवों में रात के दौरान मस्जिदों को निशाना बनाया गया, जिससे दोनों इबादतगाहों को भारी नुकसान पहुंचा।

Mosque fire- India TV Hindi
मस्जिद में आगजनी Image Source : AP

तेल अवीव: इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में एक बार फिर हिंसा का नया दौर शुरू हो गया है।  अधिकारियों ने रविवार को बताया कि वेस्ट बैंक में दो मस्जिदों में आग लगा दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, उत्तरी वेस्ट बैंक के कुसरा और कौर गांवों में रात के समय मस्जिदों में आग लगाई गई। इस घटना को कथित तौर पर इजरायली बस्तियों में रहने वाले लोगों के हमले से जोड़कर देखा जा रहा है। आगजनी में दोनों मस्जिदों को काफी नुकसान पहुंचा है।

70 से ज्यादा फिलिस्तनी गिरफ्तार

हमले के बाद इज़रायली सैनिक और पुलिस वेस्ट बैंक में फैल गए। उन्होंने मुख्य सड़कें बंद कर दीं और उस अस्पताल का रास्ता रोक दिया जहाँ उनके अनुसार दो आतंकी छिपे हुए थे। बढ़ते हुए तनाव को काबू में करने की कोशिश के तहत, इज़राइल ने इस वीकेंड में 70 से ज़्यादा फ़िलिस्तीनियों को गिरफ़्तार भी किया।

ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

इजरायली सेना ने मस्जिदों पर हमले की निंदा करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने वाली ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सेना ने पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। हालांकि फिलिस्तीनियों और मानवाधिकार संगठनों का आरोप है कि इजरायली बस्तियों के लोगों द्वारा फिलिस्तीनियों पर किए जाने वाले हमलों के मामलों में अक्सर कोई एक्शन नहीं लिया जाता है।

हालात पर काबू पाने कि कोशिश, कई इलाकों में अभियान

वहीं वेस्ट बैंक में हालात पर काबू पाने के लिए इजरायली सेना और पुलिस ने कई इलाकों में अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक, वीकेंड में 70 से अधिक फिलिस्तीनियों को गिरफ्तार किया गया। इजरायली सेना ने शुक्रवार को मारे गए दो सैनिकों की हत्या के संदिग्ध दो फिलिस्तीनी हमलावरों के घरों को सील करने की भी कार्रवाई की है।

 वेस्ट बैंक में 87 फिलिस्तीनी की मौत

फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस साल वेस्ट बैंक में 87 फिलिस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें 21 की मौत कथित तौर पर इजरायली बस्तियों के लोगों के हमलों में हुई। वहीं, 2026 में फिलिस्तीनी उग्रवादियों के हमलों में तीन इजरायली नागरिकों की मौत हुई है, जिनमें शुक्रवार को मारे गए दो सैनिक भी शामिल हैं।

बढ़ती हिंसा के बीच अरब लीग के महासचिव नबील फहमी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से इजरायली सरकार की कथित कट्टरपंथी नीतियों पर लगाम लगाने की अपील की है। फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने भी अंतरराष्ट्रीय समुदाय से वेस्ट बैंक में हिंसा रोकने के लिए इजरायल पर दबाव बनाने का आग्रह किया है। पोप लियो XIV ने भी मध्य पूर्व में बढ़ती हिंसा पर चिंता जताते हुए न्यायपूर्ण राजनीतिक समाधान के लिए बातचीत की अपील की है।

ये भी पढ़ें:

इजरायल में भारतीय नागरिक की हत्या, कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला शव

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश