1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अंजू भारत आएगी या चली जाएगी विदेश? जानिए फातिमा बनने पर पिता ने क्या कहा?

अंजू भारत आएगी या चली जाएगी विदेश? जानिए फातिमा बनने पर पिता ने क्या कहा?

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Jul 26, 2023 05:55 pm IST,  Updated : Jul 26, 2023 05:55 pm IST

पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर की खबरो के बीच भारत से पाकिस्तान अपने प्रेमी से मिलने गई अंजू इन दिनों सुर्खियों में है। धर्म परिवर्तन और पाकिस्तानी प्रेमी नसरुल्लाह से निकाह की खबरों के बीच सवाल यही उठ रहा है कि क्या वो अब भारत वापस आएगी? जानिए अंजू के पाक जाने पर उसके पिता ने क्या बात कह डाली।

अंजू भारत आएगी या चली जाएगी विदेश? जानिए फातिमा बनने पर पिता ने क्या कहा?- India TV Hindi
अंजू भारत आएगी या चली जाएगी विदेश? जानिए फातिमा बनने पर पिता ने क्या कहा? Image Source : TWITTER

India-Pakistan News: भारत की रहने वाली अंजू पाकिस्तान में रहने वाले अपने प्रेमी नसरुल्लाह से मिलने सरहद पार करके चली गई। सीमा हैदर के भारत आने के बाद अंजू का पाकिस्तान जाना वहां के मीडिया के लिए सनसनी बन गया। पहले नसरुल्लाह का बयान आया कि दोनों सिर्फ अच्छे दोस्त हैं। कुछ दिन मिलकर अंजू वापस भारत चली जाएगी। लेकिन अचानक मंगलवार को पाकिस्तानी मीडिया ने दावा कर दिया कि अंजू अब इस्लाम कबूल करके 'फातिमा' बन गई है और नसरुल्लाह से निकाह भी कर लिया। दोनों के फोटोज और वीडियो भी खूब वायरल हुए, जिसमें उन्होंने पहाड़ों पर साथ समय बिताया। अंजू जरूर कह रही थी कि वह भारत आएगी, लेकिन अब अंजू के भारत आने पर संदेह जताया जा रहा है।

अंजू को लेकर अब एक नई बहस शुरू हो गई है। अगर अंजू के ईसाई से इस्लाम धर्म अपनाने की खबरें सच हैं तो क्या अंजू और नसरुल्लाह का निकाह वैध है और अब इस मामले में आगे क्या होगा? पाकिस्तानी अखबार 'द नेशन' की एक रिपोर्ट के अनुसार जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-एफ अपर दीर के प्रमुख मुफ्ती इहसानुल्ला ने कहा कि मुस्लिम पुरुष और ईसाई महिला शादी कर सकते हैं। उन्होंने समझाया, 'अगर अंजू ने इस्लाम कबूल कर लिया तो उसकी पिछली शादी अपने आप खत्म हो जाएगी। वह इदाह अवधि यानी तीन महीने और 10 दिन की अवधि के बाद दोबारा शादी कर सकती है।'

निकाह के बाद क्या भारत लौटेगी अंजू?

मुफ्ती इहसानुल्ला ने कहा, 'अगर वह ईसाई बनी रहती है, तो उसके लिए भारत में अपने पति से तलाक लेना अनिवार्य है।' पाकिस्तान में कुछ लोगों का मानना है कि अगर अंजू भारत लौटी तो उसकी हत्या भी की जा सकती है। हालांकि कुछ लोगों ने कहा कि संभावना यह है कि अपने एक महीने के वीजा की समाप्ति पर, वह भारत के बजाय किसी अन्य पड़ोसी देश में भी जा सकती है। नसरुल्लाह ने एक हलफनामा दिया है जिसमें उसने कहा है कि अंजू महीने के आखिर तक पाकिस्तान से निकल जाएगी।

घर के बाहर चली गई, हमारे लिए मर गई है अंजू, पिता का छलका दर्द

अंजू के पाकिस्तान पहुंचने और धर्म परिवर्तन करके फातिमा बनने व निकाह करने की खबरों के बीच अंजू के पिता का बयान आया है। अंजू की नसरुल्लाह से शादी की खबरों के बीच अंजू के पिता ने इस घटना पर आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि 'अंजू की एक 14 साल की और एक 6 साल की बेटी है, उनका अब क्या होगा? अगर अंजू को यह सब ही करना था तो उसे यहां अपने पति से तलाक ले लेना चाहिए था और यह सब बात घर वालों को बताना चाहिए था। अंजू के पिता ने कहा कि 'उनका अब अंजू से कोई लेना देना नहीं है। जो लड़की घर से बाहर चली गई, वो एक तरह से अब हमारे लिए मर गई है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश