कीवः अमेरिका समेत दुनिया भर में एक्स पर "Trump is Dead" ट्रेंड करने के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेंस्की ने डोनाल्ड से बातचीत करने की इच्छा जाहिर की है। जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा कि रूस के साथ तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने की कोशिशों को लेकर हालिया घटनाक्रमों पर चर्चा करने के लिए यूक्रेनी अधिकारी अगले सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूरोपीय नेताओं से मिलना चाहते हैं।
एक्स पर ट्रेंड कर रहा "Trump is Dead"
शनिवार को एक्स समेत अन्य सोशल मीडिया पर "Trump is Dead" तेजी से ट्रेंड कर रहा है। यह ट्रेंड राष्ट्रपति ट्रंप का स्वास्थ्य खराब होने की चर्चाओं के बीच तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल है। खास बात यह है कि इस ट्रेंड ने तब तेजी पकड़ी, जब अभी एक दिन पहले ही अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर डोनाल्ड ट्रंप के साथ कोई बड़ा हादसा हो जाता है तो वह राष्ट्रपति का पद संभालने के लिए तैयार हैं।
ट्रंप के लापता होने के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध में शांति का प्रयास हुआ ठंडा
यूक्रेन को सबसे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि ट्रंप का स्वास्थ्य खराब होने की चर्चाओं के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध में शांति का प्रयास ठंडा पड़ गया है। ऐसे में जेलेंस्की अब ट्रंप समेत अन्य यूरोपी नेताओं से भी बातचीत करना चाहते हैं। जेलेंस्की ने इस बात पर गहरी निराशा जताई है कि रूस बातचीत में कोई रुचि नहीं दिखा रहा है और आम नागरिकों पर हमले जारी हैं। ट्रंप भी इस बात को लेकर नाराजगी जता चुके हैं कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जेलेंस्की से सीधी बातचीत के लिए अमेरिका के प्रस्ताव को टाल दिया है। ट्रंप ने कहा था कि यदि दो हफ्तों के भीतर बातचीत नहीं होती, तो वे आगे के कदम का फैसला करेंगे।
ट्रंप ने पुतिन पर की थी ये टिप्पणी
पिछले महीने ट्रंप ने कहा था कि पुतिन ‘‘बातें तो अच्छी करते हैं, लेकिन फिर सब पर बमबारी कर देते हैं।’’ हालांकि, उन्होंने यूक्रेन द्वारा किए गए हमलों की भी आलोचना की थी। यूक्रेनी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख एंड्री येरमाक ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क में ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से आगामी बैठकों की तैयारियों पर चर्चा की। येरमाक ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘सबसे जरूरी बात यह है कि वास्तविक कूटनीति को आगे बढ़ाया जाए और वॉशिंगटन शिखर बैठक में हुए सभी समझौतों को लागू किया जाए। येरमाक ने बताया कि उन्होंने विटकॉफ को रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए हालिया हमलों की जानकारी दी और कहा कि इस महीने अलास्का में ट्रंप से पुतिन की मुलाकात के बावजूद, उन्होंने शांति प्रयासों में कोई रुचि नहीं दिखाई। (भाषा)