इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया। पीएम मोदी ने उन्हें युद्ध के बाद के दौर में इटली की सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर बधाई दी थी। मेलोनी ने कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ते पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत हैं।
मेलोनी ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद
एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए मेलोनी ने कहा, "प्रिय नरेंद्र मोदी, आपकी बातों और आपकी दोस्ती के लिए धन्यवाद। इटली और भारत के बीच रिश्ते आज पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत हैं।" मेलोनी ने कहा कि हमारी पिछली मुलाक़ात के दौरान हमने जो खास रणनीतिक साझेदारी शुरू की थी, वह इस रिश्ते की अहमियत और विकास के नए मौके बनाने के लिए हमारे देशों की विशेषज्ञता को एक साथ लाने की इच्छा को दिखाती है। साथ ही, यह हमारे सामने मौजूद सहयोग के असाधारण मौकों का फ़ायदा उठाने की कोशिश भी है। मेलोनी ने कहा कि मुझे यकीन है इटली और भारत मिलकर रिश्ते और मज़बूत करते रहेंगे और 'भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा' विकसित करने के लिए भी साथ मिलकर काम करेंगे।
पीएम मोदी ने बधाई संदेश में कही थी ये बातें
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने के लिए बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि इटली लोगों के उनकी नेतृत्व क्षमता पर भरोसे और विश्वास को दर्शाती है। पीएम मोदी ने कहा कि मेलोनी की मित्रता ने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के लोगों के समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए करीबी सहयोग जारी रखने को लेकर उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में उनकी निरंतर सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।
इटली में जार्जिया मेलोनी ने बनाया रिकॉर्ड
बता दें कि जार्जिया मेलोनी 22 अक्टूबर, 2022 से इटली की प्रधानमंत्री हैं। गुरुवार को लगातार 1,413 दिनों तक पद पर रहने के बाद वह दूसरे विश्व युद्ध के बाद से देश की सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाली नेता बन गईं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया।
ये भी पढ़ेंः तिब्बत के पूर्व निर्वासित PM का खुलासा, चीनी राष्ट्रपति Xi jinping को दो बार आ चुका है हार्ट अटैक
ईरान के बाद अब क्यूबा पर आफत! अमेरिका ने लगा दिए नए प्रतिबंध, जानें क्या बताई वजह