1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. ग्रीस में मिले 430,000 साल पुराने लकड़ी के औजार, वैज्ञानिकों ने कही दिलचस्प बात

ग्रीस में मिले 430,000 साल पुराने लकड़ी के औजार, वैज्ञानिकों ने कही दिलचस्प बात

 Published : Jan 27, 2026 11:16 am IST,  Updated : Jan 27, 2026 11:16 am IST

ग्रीस में अब तक के सबसे पुराने लकड़ी के औजार मिले हैं। ये औजार 4 लाख साल से भी पुराने हैं और एक झील के किनारे पर मिले हैं।

Greece Oldest Wooden Tools- India TV Hindi
Greece Oldest Wooden Tools Image Source : AP

Greece Oldest Wooden Tools: ग्रीस के मेगालोपोलिस बेसिन में एक प्राचीन झील के किनारे 2 लकड़ी के औजार मिले हैं, जो अब तक खोजे गए सबसे पुराने लकड़ी के औजार माने जा रहे हैं। इनकी उम्र लगभग 430,000 साल पुरानी है। इनमें से एक औजार एक पतली छड़ी है, जो करीब 80 सेंटीमीटर (2.5 फीट) लंबी है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इसका इस्तेमाल शायद कीचड़ या मिट्टी खोदने के लिए किया जाता था। दूसरा औजार विलो या पॉपुलर की लकड़ी से बना एक छोटा, रहस्यमयी हैंडहेल्ड टुकड़ा है, जिसे संभवतः पत्थर के औजारों को आकार देने या शार्प करने के काम में लिया जाता था। यह खोज प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज (PNAS) जर्नल में सोमवार को प्रकाशित एक रिसर्च पेपर में बताई गई है। 

पहले भी मिल चुकी हैं अहम चीजें

लकड़ी के औजारों के प्रमाण बहुत कम मिलते हैं क्योंकि लकड़ी जल्दी सड़-गल जाती है। ये सिर्फ खास परिस्थितियों में ही संरक्षित रह पाते हैं, जैसे ठंडी बर्फ, गुफाओं या पानी के नीचे। मेगालोपोलिस वाली इस जगह पर ये औजार तलछट में जल्दी दब गए और गीले माहौल की वजह से सुरक्षित रहे। इस स्थल पर पहले भी कई महत्वपूर्ण चीजें मिल चुकी हैं, जैसे पत्थर के औजार और हाथी की हड्डियां जिन पर कटिंग के निशान हैं। हालांकि, लकड़ी के इन औजारों की उम्र सीधे नहीं मापी गई, लेकिन साइट की उम्र 430,000 साल के आसपास होने से इनकी भी यही उम्र मानी जा रही है।

अभी नहीं मिले मानव अवशेष

यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग की शोधकर्ता एनेमीके मिल्क्स ने कहा, "इन औजारों को छूकर बहुत खुशी होती है।" अभी तक इस जगह पर मानव अवशेष नहीं मिले हैं, इसलिए स्पष्ट नहीं है कि इनका इस्तेमाल किस प्रजाति ने किया था, निएंडरथल, होमो हीडलबर्गेंसिस (शुरुआती मानव पूर्वज) या कोई और। 

Greece Oldest Wooden Tools
Image Source : APGreece Oldest Wooden Tools

'साधारण दिखते हैं ये औजार'

स्मिथसोनियन इंस्टीट्यूशन के आर्कियोलॉजिस्ट जारोड हट्सन (जो इस स्टडी में शामिल नहीं थे) ने कहा कि ये औजार साधारण दिखते हैं। ये तुरंत लकड़ी के औजार जैसे नहीं लगते, और हमें इनके सटीक उपयोग का भी पता नहीं है। उन्होंने कहा, ''फिर भी, वह मानते हैं कि इस जगह पर भविष्य में और भी महत्वपूर्ण खोजें हो सकती हैं।'' पुराने लकड़ी के औजारों के अन्य उदाहरणों में जर्मनी के भाले और चीन में मिली 300,000 साल पुरानी खुदाई करने वाली छड़ियां शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल शायद पौधे उखाड़ने में होता था। 

प्राचीन मानव को समझने में मिलेगी मदद

यूनिवर्सिटी ऑफ ट्यूबिंगेन की शोधकर्ता कैटेरिना हरवती ने बताया कि यह खोज शुरुआती मानवों की टेक्नोलॉजी के एक कम ज्ञात पहलू को उजागर करती है, यानी जीवित रहने के लिए इस्तेमाल होने वाले विविध और परिष्कृत लकड़ी के औजारों की झलक। यह "प्राचीन मानव बुद्धिमत्ता की उत्पत्ति" को समझने में मददगार साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें:

अमेरिका में कोल्ड अटैक! बर्फीले तूफान से अब तक 30 लोगों की मौत; भयावह हैं हालात

ईरान पर पूरी है हमले की तैयारी! तनाव के बीच मिडिल ईस्ट पहुंचा अमेरिका का घातक जंगी बेड़ा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश