Russia Ukraine War: रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी TASS ने गुरुवार को बताया कि यूक्रेन की सेना में 75 देशों से 10,000 से ज्यादा विदेशी वॉलंटियर्स ग्राउंड फोर्स में काम कर रहे हैं। इसमें हर महीने औसतन करीब 600 नए लोग भर्ती होकर शामिल भी हो रहे हैं। TASS ने यह जानकारी यूक्रेन की आर्म्ड फोर्स के एक फॉरेन रिक्रूटमेंट सेंटर (FRC) के ऑफिशियल पब्लिकेशन के हवाले से दी है।
TASS ने क्या कहा?
TASS ने कहा कि उसे यह भी पता चला है कि किन यूनिट्स को विदेशी भाड़े के सैनिकों की सबसे अधिक जरूरत है और उसने कई ब्रिगेड के नाम भी बताए है। सितंबर 2025 में, रूसी सुरक्षा एजेंसियों ने बताया था कि लगभग 20,000 विदेशी भाड़े के सैनिक यूक्रेनी सेना की तरफ से लड़ रहे थे। रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से भी कहा जा चुका है कि अलग-अलग देशों के भाड़े के सैनिक यूक्रेनी सेना के लिए लड़ रहे हैं। TASS ने कहा कि कीव सरकार उन्हें 'तोप के चारे' के तौर पर इस्तेमाल करती है।
ठंड की वजह से कम हुई संख्या
अमेरिका सरकार की ओर से फंडेड रेडियो फ्री यूरोप/रेडियो लिबर्टी के प्राग-बेस्ड प्रोजेक्ट डोनबास रियली ने भी लगभग यही दावा किया था। उन्होंने यूक्रेन की सेना में विदेशी सैनिकों के कोऑर्डिनेशन डिपार्टमेंट के डिप्टी हेड कोस्टियंटिन मिलेव्स्की के हवाले से कहा था कि 75 देशों के वॉलंटियर्स ग्राउंड फोर्स में शामिल हैं। मिलेव्स्की ने बताया था कुल मिलाकर 10,000 से ज्यादा विदेशी कभी ना कभी यूक्रेन की ग्राउंड फोर्स में सेवा दे चुके हैं या दे रहे हैं। ठंड के मौसम में गर्म देशों से कम लोग आ रहे हैं, इसलिए संख्या थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन गर्मी आने पर आंकड़ा फिर बढ़ेगा।
रूस के लिए लड़े उत्तर कोरियाई सैनिक
फरवरी 2022 में रूस के बड़े हमले के बाद, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने विदेशियों के लिए इंटरनेशनल लीजन नाम की एक अलग यूनिट बनाने की घोषणा की थी, ताकि दुनिया भर के लोग यूक्रेन की सुरक्षा में मदद कर सकें। रूस की तरफ से भी कुछ समय पहले कुर्स्क इलाके में यूक्रेनी घुसपैठ को रोकने के लिए हजारों उत्तर कोरियाई सैनिकों को बुलाया गया था।
यह भी पढ़ें:
युगांडा की पुलिस ने Kiss करने के आरोप में 2 महिलाओं को किया गिरफ्तार, पड़ोसियों ने की थी शिकायतईरान के साथ जंग में क्या करेगा अमेरिका, कहां होगा निशाना; जानें तेहरान के पास क्या होंगे विकल्प