1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. पार्क में खेलते वक्त जिन बच्चों को मारी गई थी चाकू, उनसे अस्पताल में मिलने जाएंगे राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों

पार्क में खेलते वक्त जिन बच्चों को मारी गई थी चाकू, उनसे अस्पताल में मिलने जाएंगे राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों

 Published : Jun 09, 2023 04:24 pm IST,  Updated : Jun 09, 2023 04:24 pm IST

फ्रांस में बृहस्पतिवार को पार्क में खेलते बच्चों पर एक सिरफिरे ने चाकू से हमला कर दिया था। इससे 4 बच्चों समेत कुल 6 लोग घायल हो गए थे। इनमें से दो बच्चों की हालत गंभीर है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी पत्नी के साथ इन बच्चों को देखने अस्पताल जाएंगे।

इमैनुएल मैक्रों, फ्रांस के राष्ट्रपति- India TV Hindi
इमैनुएल मैक्रों, फ्रांस के राष्ट्रपति Image Source : AP

फ्रांस के एक पार्क में खेलते बच्चों पर हुए चाकू से हमले ने हर किसी को दहशत में डाल दिया है। इस घटना से हर कोई स्तब्ध है। आखिर किसी की बच्चों से क्या दुश्मनी हो सकती है। आपको बता दें कि अभी एक दिन पहले ही फ्रांस के आल्प्स क्षेत्र में एक पार्क में खेल रहे बच्चों पर एक सिरफिरे ने उनको दौड़ा-दौड़ा कर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में घायल हुए चार बच्चों समेत 6 लोग घायल हो गए थे। इनमें से दो बच्चों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी पत्नी के साथ घायलों से मुलाकात करने जा रहे हैं।

घटना बृहस्पतिवार की है। पार्क में खेल रहे बच्चों पर अचानक एक हमलावर ने चाकू से वार कर चार बच्चों और दो वयस्कों को घायल कर दिया था। राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि राष्ट्रपति अपनी पत्नी ब्रिगेट के साथ पीड़ितों और उनके परिवारों से मुलाकात के लिए जा रहे हैं। हमले में घायल हुए बच्चों की उम्र 22 माह से तीन वर्ष के बीच है ,उन्हें ग्रेनोबल तथा जेनेवा शहरों में भर्ती कराया गया है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि राष्ट्रपति दोनों शहरों में जाएंगे या नहीं। सरकार की प्रवक्ता ओलिवियर वेरान ने कहा कि दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पार्क में चाकू चलने की घटना से हैरान राष्ट्रपति

पार्क में खेल रहे बच्चों पर चाकूबाजी होने से राष्ट्रपति इमैनुएल मौक्रों भी हैरान हैं। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया था, उनसे पूछताछ चल रही है। चार में से दो बच्चे फ्रांस के, एक ब्रिटेन का और एक डच है। सोशल मीडिया पर प्रसारित घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि झील के किनारे स्थित एनेंसी शहर में बच्चों के एक पार्क में यह हमला हुआ। वीभत्स दृश्य में, काला चश्मा पहने और नीले स्कार्फ से अपना सिर ढंके एक व्यक्ति को चाकू के साथ देखा जा सकता है। वीडियो में हमलावर चाकू लहराते हुए ईसा मसीह के नाम का उद्घोष कर रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं। (PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश