1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस ने किया यूक्रेन से एक बड़ा समझौता, मानवीयता के तहत 1000 यूक्रेनी सैनिकों का लौटाया शव

रूस ने किया यूक्रेन से एक बड़ा समझौता, मानवीयता के तहत 1000 यूक्रेनी सैनिकों का लौटाया शव

 Published : Jul 17, 2025 02:43 pm IST,  Updated : Jul 17, 2025 03:26 pm IST

रूस-यूक्रेन ने एक मानवीय समझौता किया है। इसके तहत रूस ने यूक्रेन के 1000 सैनिकों के शव उसे वापस लौटा दिया है। बदले में यूक्रेन ने भी 19 रूसी सैनिकों को शव वापस किया है।

रूस ने लौटाया यूक्रेनी सैनिकों का शव- India TV Hindi
रूस ने लौटाया यूक्रेनी सैनिकों का शव Image Source : RT

मॉस्को: रूस ने यूक्रेन के साथ चल रही जंग के बीच एक बड़ा समझौता किया है। रूस ने इस्तांबुल में हुए समझौतों के तहत एक मानवीय कदम उठाते हुए यूक्रेन के 1,000 मृत सैनिकों के शव कीव को सौंप दिए हैं। यह जानकारी रूसी वार्ताकार व्लादिमीर मेडिंस्की ने बुधवार को दी। रूसी मीडिया आरटी के अनुसार इस अदला-बदली के तहत यूक्रेन ने रूस को उसके 19 मृत सैनिकों के शव लौटाए हैं।

मानवता को रखा शीर्ष पर

रूस और यूक्रेन के बीच यह समझौता मानवता को शीर्ष पर रखते हुए किया गया है। मेडिंस्की के अनुसार यह प्रक्रिया दोनों देशों के बीच जारी सैन्य संघर्ष के बीच मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए की गई। उन्होंने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि ये सैनिक अब अपने देश की मिट्टी में सम्मानपूर्वक विश्राम कर सकेंगे।" उन्होंने यह भी जोड़ा, "ईश्वर करे वे अपने देश की भूमि में शांति से विश्राम करें।"

पहली बार 2022 में हुआ था समझौता

इस अदला-बदली का आधार 2022 में इस्तांबुल में हुई रूस-यूक्रेन की वार्ताओं का परिणाम है। इसी दौरान यह मानवीय समझौते किए गए, जिनका उद्देश्य युद्ध के पीड़ितों के शवों की सुरक्षित और सम्मानजनक वापसी सुनिश्चित करना है। रूस और यूक्रेन के बीच यह सबसे बड़ी शव-वापसी में से एक मानी जा रही है।  इस मानवीय प्रयास को दोनों पक्षों द्वारा आंशिक संवाद की एक कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि जमीनी स्तर पर संघर्ष अब भी जारी है। 

दोनों पक्षों के हजारों सैनिक शहीद

रूस-यूक्रेन युद्ध को 3 साल से अधिक हो चुके हैं, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से हजारों सैनिक और आम नागरिक मारे जा चुके हैं। यूक्रेन की ओर से अब तक इस शव-वापसी को लेकर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन कीव में इस तरह की अदला-बदली को आमतौर पर युद्ध के पीड़ित परिवारों के लिए राहत और राष्ट्रीय सम्मान के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश