1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Russia-Ukraine News : रूस-यूक्रेन जंग का 20 वां दिन, मिसाइल हमले में 20 नागरिकों की मौत, 35 घायल

Russia-Ukraine News : रूस-यूक्रेन जंग का 20 वां दिन, मिसाइल हमले में 20 नागरिकों की मौत, 35 घायल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 15, 2022 08:10 am IST,  Updated : Mar 15, 2022 08:10 am IST

रूस समर्थित विद्रोहियों के कब्जे वाले डोनेट्स्क शहर में बैलेस्टिक मिसाइल हमले में 20 आम लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए।

Russia-Ukraine War- India TV Hindi
Russia-Ukraine War Image Source : AP

Highlights

  • रूस ने इस हमले का आरोप यूक्रेनी सेना पर लगाया
  • राजधानी कीव के बाहरी इलाकों में भी लड़ाई जारी

Russia-Ukraine News : यूक्रेन पर रूस के हमले का आज 20 वां दिन है। दोनों देशों के बीच भीषण जंग चल रही है। यूक्रेन के साथ शांति वार्ता चलने के बावजूद रूस लगातार यूक्रेन के शहरों में नागरिक इलाकों पर बमबारी कर रहा है। सोमवार को रूस समर्थित विद्रोहियों के कब्जे वाले डोनेट्स्क शहर में बैलेस्टिक मिसाइल हमले में 20 आम लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। रूस ने इस हमले का आरोप यूक्रेनी सेना पर लगाया है। हालांकि वह इसका कोई सबूत पेश नहीं कर सका।हालांकि यूक्रेन ने इस हमले से इनकार किया है और कहा है कि यह रूस की ही मिसाइल होगी, जो निशाना चूक गई है। अब रूस इसका आरोप यूक्रेन पर लगा रहा है।

इस बीच रूसी सेना अब बड़े शहरों पर फाइनल अटैक की तैयारी कर रही है और यूक्रेन का दावा है कि उसने रूसी फौज पर हमला करके 100 सैनिकों को मार गिराया है। हालांकि यूक्रेन के राष्ट्रपति जलेंस्की लगातार अमेरिका और दूसरे सहयोगी देशों से मदद मांग रहे हैं।

वहीं राजधानी कीव के बाहरी इलाकों में भी लड़ाई जारी है। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि रूसी सेना ने राजधानी के कई उपनगरों पर गोलाबारी की, जो उनके आक्रमण के लिए एक प्रमुख राजनीतिक और रणनीतिक लक्ष्य है। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि कीव में रूसी सेना द्वारा एक हवाई जहाज के कारखाने पर किए गए हमले के बाद आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई तथा सात अन्य घायल हो गए। 

एंटोनोव कारखाना यूक्रेन का सबसे बड़ा विमान निर्माण संयंत्र है और दुनिया के कई सबसे बड़े मालवाहक विमानों के उत्पादन के लिए जाना जाता है। अधिकारियों ने कहा कि रूसी तोपखाने से की गई गोलाबारी ने शहर के उत्तरी ओबोलोंस्की जिले में नौ मंजिला अपार्टमेंट की इमारत को भी निशाना बनाया जिसमें दो और लोग मारे गए। दमकलकर्मी जीवित बचे लोगों को बचाने के लिए जूझते दिखे। घटनास्थल से एक घायल महिला को एक स्ट्रेचर पर ले जाया गया। अधिकारियों ने कहा कि कीव के पूर्व में ब्रोवरी के एक नगर पार्षद की वहां लड़ाई में मौत हो गई। 

इनपुट- एजेंसी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश