कीव : रूस और यूक्रेन युद्ध के मुहाने पर खड़े हैं। इस बीच दोनों देशों के बीच जारी तनाव को कम करने की कोशिश के तहत यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने राष्ट्रपति पुतिन को फोन किया लेकिन पुतिन की तरफ से जेलेंस्की का फोन रिसीव नहीं किया गया। इसकी जानकारी खुद जेलेंस्की ने अपने संबोधन में दी। उन्होंने रूसी नगारिकों के लिए जारी अपने संबोधन में इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह के कदम एक बड़े युद्ध की शुरुआत हैं।
राष्ट्रपति ने बुधवार देर रात अपने संबोधन में रूस के उन दावों को खारिज कर दिया कि उनका देश रूस के लिए खतरा पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि रूस के आक्रमण से लाखों जिंदगियां प्रभावित होंगी। यूक्रेन में राष्ट्रव्यापी आपातकाल की घोषणा के कुछ घंटे बाद जेलेंस्की ने कहा, ‘‘ यूक्रेन के लोग और यूक्रेन की सरकार शांति चाहती है, लेकिन अगर देश पर आक्रमण होता है तो हम भी लड़ेंगे।’’
आपको बता दें कि यूक्रेन ने देशव्यापी इमरजेंसी का ऐलान कर दिया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अपने देश के बाहर सैन्य बल का इस्तेमाल करने का अधिकार मिलने के बाद यूक्रेन ने देशव्यापी इमरजेंसी की घोषणा कर दी।