1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Mariupol Latest News: रूस को मिल गई सबसे बड़ी जीत? पुतिन की सेना ने मारियुपोल पर कब्जे का दावा किया

Mariupol Latest News: रूस को मिल गई सबसे बड़ी जीत? पुतिन की सेना ने मारियुपोल पर कब्जे का दावा किया

 Written By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX
 Published : May 21, 2022 10:36 pm IST,  Updated : May 21, 2022 10:36 pm IST

रूस के रक्षा मंत्री सर्गेइ शोइगु ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मारियुपोल में अजोवस्तल स्टील प्लांट और पूरे शहर की ‘पूरी तरह आजादी’ की जानकारी दी।

Russia Ukraine News, Russia Ukraine War, Russia Ukraine Latest News, Mariupol- India TV Hindi
Last fighters’ group at Mariupol plant surrender, says Russia. Image Source : AP FILE

Highlights

  • मारियुपोल करीब 3 महीने तक रूसी सैनिकों की घेराबंदी में रहा।
  • अब लड़ाई के बाद यह शहर मलबे का ढेर नजर आ रहा है।
  • रूस ने यूक्रेन के कई सैनिकों को बंदी बना लिया है।

Mariupol Latest News: रूस ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने यूक्रेन के शहर मारियुपोल पर कब्जा कर लिया है। यदि रूस का यह दावा सही है तो यह इस जंग में उसकी अब तक की सबसे बड़ी जीत है। बंदरगाह शहर मारियुपोल करीब 3 महीने तक रूसी सैनिकों की घेराबंदी में रहा और अब यह सिर्फ मलबे का एक ढेर नजर आ रहा है। मारियुपोल की जंग कितनी भीषण रही है इस बात का अंदाजा सिर्फ इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां पर 20 हजार से भी ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका है।

शुक्रवार को 500 से ज्यादा लड़ाकों ने सरेंडर किया

रूस के रक्षा मंत्री सर्गेइ शोइगु ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मारियुपोल में अजोवस्तल स्टील प्लांट और पूरे शहर की ‘पूरी तरह आजादी’ की जानकारी दी। यह स्टील प्लांट रूस के खिलाफ यूक्रेन के जबरदस्त प्रतिरोध का प्रतीक बन गया था। हालांकि अभी तक यूक्रेन की तरफ से इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं हुई है। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी RIA नोवोस्ती ने मंत्रालय के हवाले से कहा कि सोमवार से लेकर अब तक प्लांट में छिपे कुल 2,439 यूक्रेनी लड़ाकों ने सरेंडर कर दिया है, जिनमें से 500 से ज्यादा लड़ाकों ने शुक्रवार को सरेंडर किया।

सरेंडर करने वाले सैनिकों को रूस ने बनाया बंदी
सरेंडर करने वाले यूक्रेन के सैनिकों को रूस ने बंदी बना लिया और कुछ को सुदूर इलाकों में ले गए। रूस ने स्टील प्लांट में छिपे कुछ लड़ाकों को ‘नाजी’ और अपराधी बताते हुए उन पर युद्ध अपराध के लिए मुकदमा चलाने की धमकी दी है। इसके साथ ही रूस के कब्जे में गए यूक्रेनी सैनिकों का भविष्य अनिश्चित नजर आ रहा है। हालांकि एक संभावना यह भी है कि रूस और यूक्रेन अपने-अपने युद्धबंदियों की अदला-बदली कर लें। शुक्रवार को आई अन्य खबरों की बात करें तो डोनबास में लड़ाई तेज हो गयी है। हालांकि सैन्य विश्लेषकों का कहना है कि मारियुपोल पर कब्जा इस लड़ाई की सबसे बड़ी खबर है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश