1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Russia Ukraine News: पुतिन से मिलने यूएन महासचिव 26 अप्रैल को रूस जाएंगे, जंग के बीच यह दौरा अहम

Russia Ukraine News: पुतिन से मिलने यूएन महासचिव 26 अप्रैल को रूस जाएंगे, जंग के बीच यह दौरा अहम

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 23, 2022 07:16 am IST,  Updated : Apr 23, 2022 08:01 am IST

संयुक्त राष्ट्र महासचिव 26 अप्रैल को मास्को जाएंगे। वे इस दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलेंगे।

Antonio Guterres- India TV Hindi
Antonio Guterres Image Source : FILE PHOTO

Russia Ukraine News: यूक्रेन पर रूस के हमले और जंग को दो माह बीत चुके हैं, लेकिन यह लड़ाई अब भी जारी है। रूस लगातार यूक्रेन के शहरों पर हमले कर रहा है। रूस को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, यूरोपीय देशों के प्रमुखों और यूएन की अपील और प्रतिबंधों के बावजूद जंग जारी है। इसी बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव 26 अप्रैल को मास्को जाएंगे। वे इस दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलेंगे। गुटेरेस के इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है।

गुटेरेस ने इस सप्ताह की शुरुआत में पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को यूक्रेन में शांति लाने के लिए तत्काल कदमों पर चर्चा करने के लिए मॉस्को और कीव दौरे की बात कही थी। संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन पर रूस के 24 फरवरी के आक्रमण के दो महीने बाद गुटेरेस 26 अप्रैल को मॉस्को का दौरा करेंगे।संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने जानकारी दी कि संयुक्त राष्ट्र प्रमुख रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ बैठक और दोपहर का भोजन करेंगे। बाद में वे राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे।

28 अप्रैल को यूक्रेन जाएंगे गुटेरेस

इसके बाद वे 28 अप्रैल को यूक्रेन भी जाएंगे। रूस और यूक्रेन दोनों देशों के बीच युद्ध की समापित की दिशा में संयुक्त राष्ट्र महा​सचिव का दोनों देशों का दौरा काफी खास माना जा रहा है। 

रूस की यूक्रेन के शहरों पर बमबारी जारी

उधर, रूस के यूक्रेन पर हमले जारी हैं। मारियुपोल में अजोवस्ताल स्टील प्लांट पर रूस की ओर से लगातार बमबारी हो रही है। शहर के मेयर के सहयोगी पेट्रो आंद्रुशेंको ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हजारों नागरिकों ने इस प्लांट में शरण ले रखी है। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने इस प्लांट को लेकर अपनी सेना को रणनीति बदलने का निर्देश दिया था। कई अन्य शहरों पर भी रूस के हमले जारी हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश