1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Russia Ukraine War News: जंग शुरू होने के बाद पहली बार रूस और अमेरिकी डिफेंस मिनिस्टर ने की बातचीत, जानिए रूस ने क्या कहा?

Russia Ukraine War News: जंग शुरू होने के बाद पहली बार रूस और अमेरिकी डिफेंस मिनिस्टर ने की बातचीत, जानिए रूस ने क्या कहा?

 Published : May 14, 2022 08:40 am IST,  Updated : May 14, 2022 08:49 am IST

अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोयगु ने यूक्रेन में युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार शुक्रवार को फोन पर बातचीत की।

Russian Defence Minister Sergei Shoigu- India TV Hindi
Russian Defence Minister Sergei Shoigu Image Source : ANI FILE PHOTO

Highlights

  • संघर्ष विराम के आग्रह पर रूस अपने रूख पर कायम
  • दोनों रक्षामंत्रियों के बीच करीब एक घंटे चली बातचीत
  • अमेरिका ने अब तक 3.8 बिलियन डॉलर की मदद भेजी

Russia Ukraine War News: अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोयगु ने यूक्रेन में युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार शुक्रवार को फोन पर बातचीत की। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इस बातचीत के बाद भी मॉस्को के रुख में बदलाव आने का कोई संकेत नहीं मिला है। अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन ने एक बयान में कहा कि अपने रूसी समकक्ष के साथ बातचीत में ऑस्टिन ने यूक्रेन में तत्काल संघर्ष विराम करने का आग्रह किया और बातचीत के माध्यम खुले रखने पर जोर दिया। इस पर रूस के रक्षामंत्री ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। उनकी बातों से लगा कि रूस के कदम में कोई बदलाव नहीं होगा।

रक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि घंटेभर चली बातचीत के दौरान ‘गंभीर मुद्दों’ का कोई हल नहीं निकला या रूस जो कर रहा है या कह रहा है उसमें कोई बदलाव नहीं आया है। यूक्रेन में जंग शुरू हुए 12 हफ्ते हो गए हैं। फरवरी के अंत में रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था। इससे पहले दोनों नेताओं ने 18 फरवरी को बातचीत की थी। 

गौरतलब है कि युद्ध शुरू होने के बाद से संयुक्त राज्य अमेरिका ने यूक्रेन में अब तक लगभग 3.8 बिलियन डॉलर की मदद भेजी है। वहीं इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने यूक्रेन के लिए 40 बिलियन डॉलर से अधिक की सहायता को मंजूरी दी थी। हालांकि, सीनेट ने अभी तक सहायता को मंजूरी नहीं दी है।

युद्ध में अब तक हजारों नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि लाखों लोग बेघर हो गए हैं और शहर मलबे में तब्दील हो गए हैं। इस बीच यूक्रेन की सेना ने शुक्रवार को डोनबास में एक नदी पार करने की कोशिश करते हुए एक रूसी बख्तरबंद गाड़ी को नष्ट कर दिया।

वहीं, रूस ने भी लुहांस्क के सेवेरोदोनेट्स्क में 26 बार हवाई हमले किए। इस दौरान रूसी सेना ने 800 मिसाइलें दागीं, जिसमें 7 इमारतों को नुकसान पहुंचा है। इधर, क्रीवी री के निप्रोपेट्रोवस्क में हुई बमबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक घायल हो गया। रूसी सैनिकों ने चेर्नीहीव पर भी हमले किए जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश