1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Russia Ukraine War: रूस के दुश्मन देशों की लिस्ट सामने आयी, चीनी मीडिया ने किया ये बड़ा दावा

Russia Ukraine War: रूस के दुश्मन देशों की लिस्ट सामने आयी, चीनी मीडिया ने किया ये बड़ा दावा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 07, 2022 05:56 pm IST,  Updated : Mar 07, 2022 05:59 pm IST

चीन की मीडिया CGTN ने दावा करते हुए कहा है कि रूस ने अपने दुश्मन देशों की लिस्ट को मंजूरी दे दी है। इस लिस्ट में यूक्रेन के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, जापान और यूरोपियन यूनियन के सदस्य देश शामिल हैं और यूरोपियन यूनियन में 27 देश हैं।

Sukhoi Su-34, Russia Air Force- India TV Hindi
Sukhoi Su-34, Russia Air Force Image Source : WIKIMEDIA COMMONS

Highlights

  • रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है
  • इंटरनेशनल कोर्ट ने रूस के खिलाफ सुनवाई खारिज की
  • पीएम मोदी ने पुतिन और जेलेंस्की से की बात

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है इस बीच एक और बड़ी खबर आ रही है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग का आज 12वां दिन है। रूस की ओर से लगातार हमले जारी हैं तो यूक्रेन भी पीछे हटने का नाम नहीं ले रहा है और उसने भी रूस को भारी नुकसान पहुंचाया है। यूक्रेन के कई शहर में हर ओर तबाही का मंजर नजर आ रहा है। इस बीच चीन की मीडिया CGTN ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि रूस ने अपने दुश्मन देशों की लिस्ट को मंजूरी दे दी है। इस लिस्ट में यूक्रेन के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, जापान और यूरोपियन यूनियन के सदस्य देश शामिल हैं और यूरोपियन यूनियन में 27 देश हैं। 

इंटरनेशनल कोर्ट ने रूस के खिलाफ सुनवाई खारिज की

संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष अदालत ने रूस के खिलाफ सुनवाई को खारिज कर दिया है। यूक्रेन ने रूस के खिलाफ इंटरनेशनल कोर्ट में अर्जी दी थी। इस मामले की सुनवाई हेग में हो रही थी। यूक्रेन ने कहा है कि रूस उसके देश में सैन्य कार्रवाई को तुरंत रोके।

मोदी का पुतिन से आग्रह, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ सीधी बातचीत करें 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की और उनसे अनुरोध किया कि रूस तथा यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच चल रही बातचीत के अतिरिक्त वह सीधे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से वार्ता करें। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मोदी ने कहा कि उनकी सलाह पर पुतिन यदि अमल करते हैं तो इस विषय पर जारी शांति प्रयासों को ‘‘काफी मदद’’ मिल सकती है। 

मोदी और पुतिन के बीच फोन पर बातचीत करीब 50 मिनट तक चली

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी और पुतिन के बीच फोन पर यह बातचीत करीब 50 मिनट तक चली। पीएमओ ने बताया कि दोनों नेताओं ने यूक्रेन में उभरती परिस्थितियों पर चर्चा की और इस दौरान पुतिन ने यूक्रेन तथा रूस के प्रतिनिधमंडलों के बीच जारी वार्ता की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। इसने कहा, ‘‘मोदी ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी बातचीत का स्वागत किया तथा उम्मीद जताई कि इससे दोनों देश संघर्ष की समाप्ति की दिशा में आगे बढ़ेंगे।’’ 

सूमी में फंसे भारतयों की सुरक्षा को लेकर ‘‘गहरी चिंता’’ व्यक्त की

पुतिन और मोदी के बीच बातचीत ऐसे समय में हुई है जब रूस ने नागरिकों की निकासी के लिए सोमवार सुबह से संघर्षविराम के साथ कई क्षेत्रों में मानवीय गलियारों को खोलने की घोषणा की। उत्तर, दक्षिण और मध्य यूक्रेन के शहरों में रूस की लगातार जारी गोलाबारी के बीच हजारों यूक्रेनी व अन्य देशों के नागरिक वहां से सुरक्षित निकलने की कोशिश में जुटे हैं। भारत भी छात्रों समेत अपने नागरिकों को निकालने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन के सूमी में फंसे भारतयों की सुरक्षा को लेकर अपनी ‘‘गहरी चिंता’’ से रूसी राष्ट्रपति को अवगत कराया। उन्होंने सूमी सहित यूक्रेन के कुछ अन्य शहरों में संघर्षविराम और मानवीय गलियारों को खोलने की घोषणा की सराहना की तथा सूमी से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी के महत्व पर जोर दिया।

पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को भारतीयों को सुरक्षित निकालने में हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया

पीएमओ ने बताया कि राष्ट्रपति पुतिन ने भारतीय छात्रों सहित आम नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए मानवीय गलियारे खोले जाने संबंधी उपायों के बारे में प्रधानमंत्री मोदी को विस्तृत जानकारी दी। सूत्रों ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को आश्वस्त किया कि भारतीयों को सुरक्षित निकालने में वह हरसंभव सहयोग करेंगे।’’ रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने के बाद मोदी और पुतिन के बीच यह तीसरी वार्ता थी। भारत, रूस और यूक्रेन के शीर्ष नेताओं से युद्ध को तत्काल समाप्त करने तथा वार्ता और कूटनीति के जरिए मतभेदों को दूर करने की अपील करता आ रहा है। 

सूमी में अभी भी 700 के करीब भारतीय छात्र फंसे हुए हैं

रूसी समाचार एजेंसी इंटरफेक्स ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि रूस ने संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय रक्षा एवं सहयोग संगठन (ओएससीई) और रेडक्रॉस की अंतरराष्ट्रीय समिति को कीव, मारियुपोल, खारकीव तथा सूमी में मानवीय गलियारा खोले जाने की जानकारी दी है। पुतिन से बातचीत करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जेलेंस्की से भी करीब 35 मिनट बात की और युद्धग्रस्त देश के पूर्वोत्तर इलाके के शहर सूमी में फंसे भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकालने में उनसे मदद का आग्रह किया। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के कारण सूमी में अभी भी 700 के करीब भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश