लंदन: ब्रिटेन में धूम्रपान का विरोध करने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। यहां संसद ने एक बिल पास किया गया है जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए तंबाकू उत्पादों पहुंच से बाहर हो जाएंगे। एक्शन ऑन स्मोकिंग एंड हेल्थ की मुख्य कार्यकारी हेजल चीजमैन ने बिल के पक्ष में कहा कि धूम्रपान का अंत होगा और इससे होने वाले भयानक नुकसान अब बचना संभव है। उन्होंने कहा कि इलाज करने से बेहतर है कि पहले ही बीमारी को रोक दिया जाए।
किंग चार्ल्स III की मंजूरी है जरूरी
तंबाकू और वेप्स बिल के तहत, 31 दिसंबर, 2008 के बाद पैदा हुए बच्चों पर सिगरेट खरीदने पर हमेशा के लिए रोक लगा दी जाएगी। इस कानून को लागू करने के लिए फिलहाल किंग चार्ल्स III की मंजूरी जरूरी है जो कि एक औपचारिकता मात्र है। यह कानून सरकार को तंबाकू, वेपिंग और निकोटीन उत्पादों को विनियमित करने की भी अनुमति देगा। यह पूरे ब्रिटेन यानी इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, वेल्स और उत्तरी आयरलैंड में लागू होगा।
ब्रिटेन में क्या है कानून?
ब्रिटेन में फिलहाल, 18 साल से कम उम्र के लोगों को सिगरेट, तंबाकू उत्पाद या वेप्स बेचना गैर कानूनी है। लेकिन, अब के ज्यादातर युवाओं को अपनी पूरी जिंदगी इस प्रतिबंध का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि सिगरेट खरीदने की न्यूनतम उम्र हर साल बढ़ती जाएगी। इस बिल के पास होने से UK के पास दुनिया के सबसे सख्त धूम्रपान विरोधी उपायों में से एक आ गया है। यह कानून काफी हद तक उस कानून जैसा ही है, जिसे न्यूजीलैंड के सांसदों ने 2022 में पास किया था लेकिन बाद में आई सरकार ने उसे रद्द कर दिया था।
क्या कहते हैं आंकड़े?
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 1970 के दशक से अब तक ब्रिटेन में धूम्रपान करने वालों की संख्या में दो-तिहाई की कमी आई है, लेकिन फिर भी लगभग 64 लाख लोग आज भी धूम्रपान करते हैं। यह ब्रिटेन की कुल आबादी का लगभग 13 प्रतिशत हिस्सा है। अधिकारियों का कहना है कि UK में धूम्रपान के कारण हर साल लगभग 80,000 लोगों की मौत होती है।
यह भी पढ़ें:
ट्रंप बोले- 'सीजफायर को लेकर शुक्रवार तक आ सकती है अच्छी खबर', ईरान ने कहा- 'अभी नहीं लिया फैसला'