1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इंटेलिजेंस रिपोर्ट ने ट्रंप के दावों को किया ध्वस्त, बताया 'ईरान के पास अब भी मौजूद हैं हजारों मिसाइलें'

इंटेलिजेंस रिपोर्ट ने ट्रंप के दावों को किया ध्वस्त, बताया 'ईरान के पास अब भी मौजूद हैं हजारों मिसाइलें'

 Published : Apr 22, 2026 05:26 pm IST,  Updated : Apr 22, 2026 05:26 pm IST

अमेरिका की ओर से बार-बार इस तरह के दावे किए जाते रहे हैं कि ईरान की सैन्य क्षमता को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा चुका है। इस बीच एक इंटेलीजेंस रिपोर्ट ने बता दिया है कि ईरान सैन्य क्षमता के मामले में अब भी मजबूत है।

Iran Missiles- India TV Hindi
Iran Missiles Image Source : AP

वॉशिंगटन: एक नए इंटेलिजेंस आकलन के अनुसार, अमेरिकी और इजरायली सेनाओं की ओर से हफ्तों तक जोरदार हवाई हमले किए जाने के बावजूद, ईरान के पास अभी भी हजारों मिसाइलें और घातक ड्रोन मौजूद हैं। यह आकलन ट्रंप प्रशासन के उन बड़े-बड़े दावों के विपरीत है, जिनमें उन्होंने जंग में अपनी जीत का ढोल पीटा था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रक्षा सचिव पीट हेगसेथ कई बार इस तरह के दावे कर चुके हैं कि ईरानी वायुसेना पूरी तरह से खत्म हो चुकी है और नौसेना समुद्र की गहराइयों में समा चुकी है।

अमेरिका और सहयोगियों के लिए खतरा हैं ईरानी हथियार

बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी के निदेशक और मरीन कॉर्प्स के लेफ्टिनेंट जनरल जेम्स एडम्स ने कहा है कि तेहरान के पास अभी भी हजारों की संख्या में घातक मिसाइलें और वन-वे अटैक ड्रोन मौजूद हैं। ईरान के ये हथियार मध्य पूर्व में स्थित अमेरिकी ठिकानों और उसके सहयोगी देशों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं।

ईरान हथियार बचाए रखने में रहा कामयाब

जनरल जेम्स एडम्स ने पिछले हफ़्ते 'हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी' के सामने दिए गए अपने बयान में यह बात कही थी। अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, तेहरान अपने जंगी हथियारों को बचाए रखने में कामयाब रहा है भले ही युद्ध में हुई क्षति और हथियारों के इस्तेमाल के कारण उसकी क्षमताओं में कुछ कमी आई हो।

रिपोर्ट में क्या कहा गया था?

अमेरिकी अधिाकरी का बयान पिछले हफ्ते CNN की ओर से की गई एक पड़ताल की पुष्टि करती हैं। इस पड़ताल में यह सामने आया था कि 5 हफ्तों से भी ज्यादा समय तक अमेरिकी और इजरायली सेनाओं की ओर से रोजाना ज़ोरदार हमले किए जाने के बावजूद, ईरान के लगभग आधे मिसाइल लॉन्चर अभी भी सुरक्षित हैं और उसके जखीरे में हजारों ड्रोन और मिसाइलें मौजूद हैं।

सेफ हैं ईरान की क्रूज मिसाइलें

रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की तटीय सुरक्षा के लिए तैनात क्रूज मिसाइलों का भी एक बड़ा हिस्सा सुरक्षित बचा हुआ है। यह दावा इस बात से मेल खाता है कि अमेरिका ने अपने हवाई हमलों का मुख्य निशाना तटीय सैन्य ठिकानों को नहीं बनाया था, हालांकि उन्होंने कुछ जहाज़ों पर हमले ज़रूर किए थे। ये मिसाइलें ईरान के लिए  आज भी बड़ी ताकत बनी हुई हैं।

यह भी पढ़ें:

ईरान और अमेरिका के बीच क्यों हो रही है सीजफायर वार्ता में देरी, सामने आई वजह

Iran US Ceasefire: ईरान ने होर्मुज में 2 जहाजों पर किया हमला, शांति वार्ता के प्रयासों में हो सकती है और ज्यादा मुश्किल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश