1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस के भीषण ड्रोन और मिसाइल हमले में यूक्रेन के प्रमुख ऊर्जा ठिकाने तबाह, 6 लोगों की मौत

रूस के भीषण ड्रोन और मिसाइल हमले में यूक्रेन के प्रमुख ऊर्जा ठिकाने तबाह, 6 लोगों की मौत

 Published : Oct 22, 2025 03:57 pm IST,  Updated : Oct 22, 2025 03:57 pm IST

रूस ने यूक्रेन पर एक और बड़ा घातक हमला किया है। ये हमले यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों को टारगेट करके किए गए हैं। रूसी सेना के इस हमले में कम से कम 6 यूक्रेनियों की मौत हुई है।

यूक्रेन पर रूसी हमले का दृश्य (फाइल)- India TV Hindi
यूक्रेन पर रूसी हमले का दृश्य (फाइल) Image Source : AP

कीवः यूक्रेन पर रूस ने बुधवार को ड्रोन और मिसाइल से एक और बड़ा व्यापक हमला किया है। इसमें यूक्रेन के कई प्रमुख ऊर्जा ठिकाने तहस-नहस हो गए हैं। साथ ही इसमें कम से कम छह लोग मारे गए। यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि इन हमलों में 18 लोग घायल भी हुए। यह हमले उस समय किए गए जब एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अपनी प्रस्तावित मुलाकात को यह कहते हुए स्थगित कर दिया था कि वह अपना वक्त बर्बाद नहीं करना चाहते हैं।

रात भर रूस ने बरसाये बम

यूक्रेन के ऊर्जा मंत्री ने बताया कि रातभर रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर हमले किए, जो बुधवार तड़के तक जारी रहे। इन हमलों का उद्देश्य सर्दियों से पहले यूक्रेन की ऊर्जा प्रणाली को नष्ट करना था। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक हमले के कारण पूरे देश में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई, लेकिन मरम्मत का काम जारी था और जितनी जल्दी हो सके बिजली बहाल करने की कोशिश की जा रही थी। 

जेलेंस्की ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

रूस के इस हमले के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमिर ज़ेलेंस्की ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि रूस अब भी युद्ध को लंबा खींचना चाहता है। क्योंकि वह अपने ऊपर अब भी पर्याप्त दबाव महसूस नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमलों के कारण कीव, ज़ापोरीज़िया, ओडेसा, चेर्निहाइव, किरोवोह्रद, पोल्तावा, विन्नित्सिया, चर्कासी और सुमी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक नुकसान हुआ है। ज़ेलेंस्की ने यूरोपीय संघ, अमेरिका और जी7 देशों से रूस पर नए प्रतिबंध लगाने की मांग की।


कीव में 2 बच्चों की भी मौत

कीव क्षेत्र के गवर्नर मायकोला कलाशनिक ने बताया कि हमले में कीव के पास पोहरेबी गांव में एक घर में आग लगने से तीन शव बरामद किए गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे। वहीं, यूक्रेनी राजधानी के द्निप्रो जिले में ड्रोन के हमले से एक 16 मंजिला आवासीय इमारत में आग लग गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 10 को बचाया गया। यूक्रेनी सेना ने भी मंगलवार रात रूस के ब्रायंस्क क्षेत्र में एक रासायनिक संयंत्र पर हमला किया, जो रूस के सैन्य और औद्योगिक ढांचे का महत्वपूर्ण हिस्सा था। इस संयंत्र में बारूद, विस्फोटक, मिसाइल ईंधन और गोला-बारूद का उत्पादन होता है। (भाषाः)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश