लुसियाना: अमेरिका के लुसियाना प्रांत में तीन अनजान हमलावरों ने पुलिसवालों को निशाना बनाया जिसमें 3 पुलिस वालों की मौत हो गई जबकि चार घायल हो गए। इस घटना पर अब अमेरिका में राजनीति भी हो रही है। रिपब्लिकन पार्टी के उम्मदीवार ट्रंप कह रहे हैं कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है और ओबामा कहते हैं पुलिस पर हमला कायराना है। पहली नजर में सब इसे अश्वेत नागरिकों की नाराजगी का नतीजा ही मान रहे हैं।
पुलिस पर गोलीबारी की बड़ी वारदात
कहा जा रहा है ये पुलिस से नफरत की आग में जल रहे बदले की एक घटना है, जिसकी तैयारी बिल्कुल सटीक तरीके से की गई थी। सुबह के 9 बज रहे थे और लोग ईस्ट बैटन रोग से गुजरते हुए अपने-अपने दफ्तर जा रहे थे। वहां से गुजरने वाले की नजर तीन संदिग्ध लोगों पर पड़ती है जो चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे और सबके सब असाल्ट रायफल लेकर घूम रहे थे। लोगों को शक हुआ तो पुलिस को सूचित करते हैं और जब पुलिस आती है तो पुलिस पर ही हमला हो जाता है।
हालांकि इस गोलीबारी में एक बंदूकधारी भी मारा गया है लेकिन माना जा रहा है कि दो संदिग्ध फरार भी हो गए। हैरत की बात तो ये है, जिस जगह पर ये घटना हुई है, वहां से महज एक किलोमीटर पर पुलिस का हेड क्वॉर्टर है। फिर भी इस इलाके में तीन लोग हथियार लहराते हुए घूम रहे थे।
आहत ओबामा ने कहा, कायराना है पुलिस पर हमला
घटना के तुरंत बाद ही पुलिस इस पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी थी लेकिन दो संदिग्ध फरार होने में कामयाब गए जबकि एक मौके पर ही मारा गया। इस घटना के बाद सब हैरान है क्योंकि पुलिस पर हमले की ये लगातार एक ही शहर में ये दूसरी घटना है। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने घटना की निंदा की है और कहा है कि पुलिस अधिकारियों पर हुआ ये हमला बेहद कायराना है। उन्होंने कहा, पुलिस पर हमला बर्दाश्त के बाहर की बात है।
अमेरिका में अश्वेत पर हमले का बदला !
फिलहाल पुलिस भी नहीं जानती कि गोलीबारी के पीछे की कहानी क्या है लेकिन कहा जा रहा है कि इस घटना का आधार अमेरिका में अश्वेतों और पुलिस के बीच बढ़ी हिंसा ही है।
लुसियाना ही वो शहर है, जहां पिछले एक हफ्ते में सौ से ज्यादा अश्वेत लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक की पुलिस की गोली से मौत हो चुकी है। यहां रहने वाले अश्वेत मानते हैं कि ये पुलिस का अत्याचार है। यहां तक कि इस हमले में मारे गए एक अश्वेत पुलिस अफसर एम जैक्सन तक फेसबुक पर दो दिन पहले लिख चुके थे कि वो किस कदर अपने अफसर की टिप्पणियों से परेशान है।