नई दिल्ली/न्यूयार्क: न्यूयॉर्क जाने वाले एयर इंडिया के एक विमान को आज स्वास्थ्य संबंधी आपातस्थिति उत्पन्न होने के कारण ढाई घंटे हवा में रहने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर वापस बुला लिया गया। विमान में एक यात्री को सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी।
एयर इंडिया ने एक बयान में बताया कि एयर इंडिया के विमान एआई-101 ने यहां से देर रात एक बजकर 56 मिनट पर उड़ान भरी थी और यह वापस लगभग पांच बजे वापस लौटा। विमान में एक यात्री ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की थी।
बयान में कहा गया है, बोइंग बी-777 विमान ने दिल्ली से 327 यात्रियों के साथ न्यूयॉर्क के लिए उड़ान भरी। थोड़ी देर बाद ही विमान में सवार एक यात्री ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की और उसे जल्द स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने की जरूरत थी।
बयान के अनुसार, कमांडर जोया अग्रवाल ने संवेदनशीलता से काम लेते हुए दिल्ली वापस लौटने का निर्णय लिया ताकि यात्री को समय पर स्वास्थ्य सेवा मिल सके।
पांच बजे विमान दिल्ली उतरा और यात्री को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बयान में कहा गया है कि अब उनकी हालत स्थिर है।
ये भी पढ़ें: अब अमेरिका भारत से सीखेगा, कैसे पाएं हिंसा पर काबू?