इस्लामाबाद: अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से बात की और पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकवादी हमला मामले में सच्चाई का पता लगाने को कहा। टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान शरीफ ने केरी से कहा कि पाकिस्तान एयरबेस पर हुए आतंकवादी हमला मामले में पाकिस्तान पारदर्शी तरीका अख्तियार करते हुए बेहद तेजी से जांच कर रहा है। पाकिस्तान के पीएमओ की ओर से जारी बयान के अनुसार, केरी ने पठानकोट आतंकवादी हमला मामले में सच्चाई का पता लगाने में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री को पूर्ण समर्थन देने की बात कही।
शरीफ ने अमेरिकी विदेश मंत्री से कहा कि हमलोग पारदर्शिता बरतते हुए बहुत तेजी से जांच कर रहे हैं और सच्चाई का जरूर पता लगाएंगे। दुनिया इस संबंध में हमारी प्रभावशीलता और गंभीरता को देखेगी। पठानकोट वायुसेना स्टेशन पर हुए हमले की योजना तैयार करने और इसे कार्यान्वित करने में पाकिस्तान स्थित लोगों और सहयोगियों के शामिल होने के सुझाव संबंधी भारतीय खुफिया रिपोर्टों के सामने आने के बीच केरी ने शरीफ से बातचीत की। बयान के मुताबिक, केरी ने कहा कि आतंकवादियों की ओर से भारत-पाकिस्तान वार्ता को नाकाम करने की कोशिश के बावजूद अमेरिका को उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच वार्ता जारी रहेगी क्योंकि क्षेत्रीय स्थिरता के हित में भारत-पाकिस्तान के बीच लगातार बातचीत जरूरी है और लगातार बातचीत सुनिश्चित करने के लिए दोनों देशों के नेताओं की भूमिका अहम है।
शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान किसी को भी अपने देश की भूमि का इस्तेमाल आतंकवादी अभियानों में करने की इजाजत नहीं देगा। बयान के अनुसार, केरी ने इस तरह के विभिन्न माहौल में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की नेतृत्व भूमिका की तारीफ की, जिनकी भूमिका ठीक वैसी है जो इस तरह की स्थिति में होनी चाहिए।