1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ‘पड़ोसियों पर हमला करने वाले आतंकी समूहों पर कार्रवाई करे पाकिस्तान’

‘पड़ोसियों पर हमला करने वाले आतंकी समूहों पर कार्रवाई करे पाकिस्तान’

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 05, 2016 10:28 am IST,  Updated : Aug 05, 2016 10:28 am IST

अमेरिका ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि वह अपने लिए जिन आतंकी समूहों को खतरा मानता है उनके समेत देश के सभी आतंकी समूहों के खिलाफ कार्रवाई करे, खासतौर से उनके खिलाफ जो उसके पड़ोसियों को निशाना बना रहे हैं।

terrorists- India TV Hindi
terrorists

वॉशिंगटन: अमेरिका ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि वह अपने लिए जिन आतंकी समूहों को खतरा मानता है उनके समेत देश के सभी आतंकी समूहों के खिलाफ कार्रवाई करे, खासतौर से उनके खिलाफ जो उसके पड़ोसियों को निशाना बना रहे हैं। विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता मार्क टोनर ने कहा, पाकिस्तान सरकार के उच्च स्तरीय अधिकारियों को हमने यह स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें पड़ोसी देशों पर हमला करने वाले आतंकी समूहों समेत सभी समूहों के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी। उन्हें आतंकियों की पनाहगाहों को भी समाप्त करना होगा।

उन्होंने कहा, उन्होंने :पाकिस्तान: प्रगति की है। वे चुनिंदा समूहों पर कार्रवाई कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि वे सभी समूहों के खिलाफ कार्रवाई करें और जैसा कि मैंने कहा उन सभी के खिलाफ कार्रवाई करें जिनसे खुद पाकिस्तान को भले ही खतरा नहीं हो लेकिन जो उसके पड़ोसियों के लिए खतरा पैदा करते हों। पाकिस्तान को 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर की सैन्य मदद रोकने के पेंटागन के फैसले पर एक सवाल का जवाब देते हुए टोनर ने कहा, हमने पाकिस्तान सरकार से अफगानिस्तान को आतंक के खिलाफ सहयोग देते हुए क्षेत्र की सुरक्षा के लिए दीर्घकालीक खतरा पैदा करने वाले सभी समूहों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।

उन्होंने कहा, हम मानते हैं कि पाकिस्तान ने कार्रवाई की है और वह आतंकी हिंसा पर लगाम लगाने के लिए कार्रवाई कर भी रहा है और वह निश्चित ही उन समूहों पर ध्यान दे रहा है जो पाकिस्तानी लोगों और देश की स्थिरता के लिए खतरा हैं। टोनर ने कहा, उन्होंने, उनकी सेना ने आतंकियों की पनाहगाहों को बंद किया है। उन्होंने पाकिस्तान के उन कुछ इलाकों को सरकारी नियंत्रण में ले लिया जिनका कई साल तक आतंकियों की पनाहगाहों के तौर पर इस्तेमाल हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश