वाशिंगटन: अमेरिका ने इस्लामिक स्टेट के खुरासान इकाई प्रमुख हाफिज सईद खान के खिलाफ प्रतिबंध लगा दिया है। इस खतरनाक आंतकवादी संगठन के प्रसार में पूर्व तालिबानी कमांडर खान की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ISIS ने पाकिस्तान में जन्में खान को अपने खुरासान इकाई का शासक नियुक्त किया है। यह अफगानिस्तान और पाकिस्तान में संगठन की शाखा है। अमेरिका के ट्रेजरी विभाग ने एक बयान में कहा है कि क्षेत्र में आईएसआईएस गतिविधियों को बढ़ाने, आतंकवादियों को निर्देश देने, रसद और हथियारों की आपूर्ति में समन्वय, सहयोगियों की यात्रा और अन्य प्रबंधों में खान की काफी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
वर्ष 2015 के मध्य में खान ने अफगानिस्तान के कुनार प्रांत और नंगरहार प्रांत में अपने प्रतिनिधियों की नियुक्ति की। उसने पश्चिमी अफगानिस्तान में आईएस लड़ाकों के लिए प्रशिक्षण शिविर स्थापित करने के लिए धन की मंजूरी भी दी। खान ने इससे पहले तहरीक-ए तालिबान पाकिस्तान में बतौर वरिष्ठ कमांडर काम किया था।