वाशिंगटन: अमेरिका ने पश्चिमी अफ्रीका में सक्रिय बोको हराम और अन्य हिंसक चरमपंथी संगठनों से लड़ रहे कैमरून के बलों की मदद करने के लिए लगभग 300 अमेरिकी सैनिकों को तैनात करने का फैसला किया है। ओबामा ने अमेरिकी कांग्रेस को भेजे गए एक संदेश में कल कहा, ये बल अपनी ओर से बलों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए हथियारों से लैस हैं और ये तब तक कैमरून में बने रहेंगे, जब तक इनकी वहां जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि कैमरून सरकार की सहमति पर 12 अक्तूबर को कैमरून में अमेरिकी सशस्त्र बलों के लगभग 90 सैनिकों की तैनाती शुरू हो गई थी। यह तैनाती इस क्षेत्र में वायुमार्ग की खुफिया सूचनाएं, निगरानी और टोही अभियानों के लिए कैमरून में तैनात किए जाने वाले अतिरिक्त अमेरिकी सैन्य बलों की तैनाती से पहले की गई है।
ओबामा ने कहा, कैमरून में तैनात किए जाने वाले अमेरिकी सैन्यकर्मियों की कुल संख्या लगभग 300 रहने का अनुमान है। व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जोश अर्नेस्ट ने कहा कि जो अमेरिकी सैन्य कर्मी कैमरून में तैनात किए गए हैं, वे हथियारों से लैस हैं लेकिन उन्हें हथियार बल की सुरक्षा के लिए और अपनी खुद की सुरक्षा के लिए दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वे सैनिक वहां युद्धक भूमिका में नहीं होंगे।