1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. रूस और चीन की चुनौतियों से निपटने के लिए अलग-अलग रुख अपनाएगा अमेरिका

रूस और चीन की चुनौतियों से निपटने के लिए अलग-अलग रुख अपनाएगा अमेरिका

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 04, 2021 01:24 pm IST,  Updated : Feb 04, 2021 01:24 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने बुधवार को संकेत दिया कि वह रूस और चीन से मिलने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए अलग-अलग रुख अपनाएगा। 

रूस और चीन की चुनौतियों से निपटने के लिए अलग-अलग रुख अपनाएगा - India TV Hindi
रूस और चीन की चुनौतियों से निपटने के लिए अलग-अलग रुख अपनाएगा  Image Source : AP

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने बुधवार को संकेत दिया कि वह रूस और चीन से मिलने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए अलग-अलग रुख अपनाएगा। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता जेन साकी ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘चीन को लेकर राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रशासन का मानना है कि हमें अपने सहयोगियों के साथ काम करने की जरूरत है। हमें इस पर अपने सहयोगियों के साथ काम करना होगा कि हमें चीन के साथ किस तरह का दृष्टिकोण रखना है।’’

चीन और रूस को लेकर अलग-अलग दृष्टिकोण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘हमें उस रिश्ते को ताकत के नजरिए से देखने की जरूरत है। निश्चित तौर पर संबंधों के कुछ पहलू होते हैं। इसमें आर्थिक, रणनीतिक कारण भी होते हैं।’’ साकी ने कहा, ‘‘रूस के बारे में मुझे लगता है कि, उनकी (बाइडन की) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत इसका स्पष्ट प्रमाण है। जब उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन को फोन किया तो स्पष्ट कर दिया कि हम किन क्षेत्रों में काम कर सकते हैं। जैसे ‘न्यू स्टार्ट’ समझौता अमेरिकी सुरक्षा के हितों में है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बाइडन की चिंता कई मुद्दों को ले कर हैं। चुनाव में हस्तक्षेप, हैकिंग का मुद्दा है, (अफगानिस्तान में) अमेरिकी सैनिकों की हत्या पर इनाम घोषित किया जाने का भी मुद्दा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम इन सब चीजों की समीक्षा कर रहे हैं और इसके बाद हमारी नीतिगत टीम किसी खास विषय पर उठाए जाने वाले कदम पर फैसला करेगी।’’ 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश