1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका को कोई विशेष, प्रमाणिक आतंकी खतरा नहीं: ओबामा

अमेरिका को कोई विशेष, प्रमाणिक आतंकी खतरा नहीं: ओबामा

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 18, 2015 12:06 pm IST,  Updated : Dec 18, 2015 12:12 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि अमेरिका के समक्ष किसी संभावित आतंकी खतरे के बारे में फिलहाल कोई विशेष और प्रमाणिक सूचना नहीं है, हालांकि उन्होंने देशवासियों को सतर्क रहने के लिए सचेत किया।

Barack Obama- India TV Hindi
Barack Obama

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि अमेरिका के समक्ष किसी संभावित आतंकी खतरे के बारे में फिलहाल कोई विशेष और प्रमाणिक सूचना नहीं है, हालांकि उन्होंने देशवासियों को सतर्क रहने के लिए सचेत किया। वर्जीनिया में कल राष्ट्रीय आतंकवाद रोधी केंद्र में शीर्ष अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक के बाद ओबामा ने कहा, देश में किसी हमले को लेकर इस वक्त हमारे खुफिया और आतंकवाद रोधी पेशेवरों के पास कोई विशेष और प्रमाणिक सूचना नहीं है लेकिन, देश को सतर्क रहने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, हम यह संदेश देना चाहते हैं कि अगर किसी ने अमेरिका को निशाना बनाया तो उनके पास कोई सुरक्षित पनाह नहीं होगी। हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे और देश की रक्षा करेंगे। ओबामा का यह बयान कैलिफोर्निया में भीषण गोलीबारी की घटना के मद्देनजर आया है, जिसमें पाकिस्तानी मूल के एक दंपति ने 14 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। ओबामा ने कहा कि आतंकवाद का खतरा इस कदर बढा है कि छोटे समूह या व्यक्ति भी इसमें शामिल होने लगे हैं , जिसके कारण ऐसे हमलों को रोकने में मुश्किल आ रही हैं लेकिन अमेरिका इन खतरों का सामना करने की अपना क्षमता को बढा रहा है।

उन्होंने कहा, सीरिया और इराक में आईएसआईएल पर हमले बढ़ाते हुए उनके आकाओं को ढूंढ निकाला जा रहा है और उनके खिलाफ जंग में हमारे सहयोगी भी जमीनी स्तर पर मदद कर रहे हैं। ओबामा ने कहा, वीजा वेवर प्रोग्राम के जरिए देश में आने वाले लोगों के लिए सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त इंतजाम लागू किए जा रहे हैं और हम अधिक सुधार के लिए कांग्रेस के साथ काम कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश