1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. बाइडेन ने दक्षिण चीन सागर पर चीन के दावों को खारिज करने के ट्रंप के फैसले का समर्थन किया

बाइडेन ने दक्षिण चीन सागर पर चीन के दावों को खारिज करने के ट्रंप के फैसले का समर्थन किया

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 12, 2021 09:05 am IST,  Updated : Jul 12, 2021 09:05 am IST

अमेरिका में राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने दक्षिण चीन सागर में चीन के लगभग सभी अहम समुद्री दावों को खारिज करने के पूर्ववर्ती डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के फैसले को रविवार को बरकरार रखा।

बाइडेन ने दक्षिण चीन...- India TV Hindi
बाइडेन ने दक्षिण चीन सागर पर चीन के दावों को खारिज करने के ट्रंप के फैसले का समर्थन किया Image Source : FILE PHOTO

वॉशिंगटन: अमेरिका में राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने दक्षिण चीन सागर में चीन के लगभग सभी अहम समुद्री दावों को खारिज करने के पूर्ववर्ती डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के फैसले को रविवार को बरकरार रखा। प्रशासन ने चीन को चेतावनी भी दी कि विवादित क्षेत्र में फिलीपीन पर अगर किसी भी तरह का हमला हुआ तो अमेरिका एक पारस्परिक रक्षा संधि के तहत जवाबी कार्रवाई करेगा।

विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन की ओर से यह कड़ा संदेश चीन के दावों के खिलाफ फिलिपीन के पक्ष में अंतरराष्ट्रीय न्यायाधिकरण के फैसले के इस सप्ताह पांच साल पूरा होने से पहले जारी एक बयान में सामने आया है। हालांकि चीन इस फैसले को खारिज करता है। पिछले साल ट्रंप प्रशासन ने न्यायाधिकरण के फैसले के प्रति समर्थन जताया था और यह भी कहा था कि वह चीन के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त जलक्षेत्र के बाहर दक्षिण चीन सागर में उसके लगभग सभी समुद्री दावों को अवैध मानता है।

रविवार के बयान में, ट्रंप प्रशासन में विदेश मंत्री रहे माइक पोम्पिओ की इन्हीं बातों को दोहराया गया है। ब्लिंकन ने पोम्पिओ के समान भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, ‘‘दक्षिण चीन सागर की तुलना में कहीं भी नियम-आधारित समुद्री व्यवस्था अधिक खतरे में नहीं है।’’ उन्होंने चीन पर इस महत्वपूर्ण वैश्विक रास्ते में नौवहन की स्वतंत्रता के लिए खतरा पैदा करने और दक्षिण पूर्वी एशियाई तटीय देशों को मजबूर करने तथा डराने-धमकाने का आरोप लगाया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश