1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. कभी जिन ट्रंप को बताया था अहंकारी, अब उन्हीं को वोट देंगे बॉबी जिंदल

कभी जिन ट्रंप को बताया था अहंकारी, अब उन्हीं को वोट देंगे बॉबी जिंदल

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 04, 2016 03:53 pm IST,  Updated : May 04, 2016 03:53 pm IST

वाशिंगटन: भारतीय मूल के अमेरिकी बॉबी जिंदल ने कभी जिस डोनाल्ड ट्रंप को अहंकारी बताया था, अब उन्हीं ट्रंप को वह अपना वोट देना चाहते हैं। जिंदल ने कहा है कि यदि ट्रंप रिपब्लिकन उम्मीदवार

Donald Trump- India TV Hindi
Donald Trump

वाशिंगटन: भारतीय मूल के अमेरिकी बॉबी जिंदल ने कभी जिस डोनाल्ड ट्रंप को अहंकारी बताया था, अब उन्हीं ट्रंप को वह अपना वोट देना चाहते हैं। जिंदल ने कहा है कि यदि ट्रंप रिपब्लिकन उम्मीदवार बनते हैं, तो वह उनके लिए मतदान करेंगे। जिंदल ने कल सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में कहा, मुझे लगता है कि वह हिलेरी क्लिंटन से बेहतर होंगे। यदि वह उम्मीदवार बनते हैं तो मैं अपनी पार्टी के उम्मीदवार को समर्थन दूंगा। मैं इसे लेकर खुश नहीं हूं...लेकिन मैं हिलेरी क्लिंटन के बजाए उन्हें वोट दूंगा।

जिंदल खुद चाहते थे राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनना

लुइसियाना के पूर्व गवर्नर जिंदल कुछ महीने पहले तक स्वयं पार्टी उम्मीदवार बनने की दौड़ में शामिल थे और पिछले साल जब उन्होंने नेशनल प्रेस क्लब में ट्रंप पर जोरदार हमला शुरू किया था, तब उसके कुछ ही समय बाद उनकी लोकप्रियता का दर एक प्रतिशत से भी नीचे गिर गया था। उस समय जिंदल ने ट्रंप को अहंकारी और खतरनाक बताया था लेकिन अब उनका कहना है कि वह ट्रंप के लिए मतदान करेंगे। उन्होंने तर्क दिया कि वह हिलेरी से बेहतर हैं। हिलेरी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बनने की संभावना हैं।

जिंदल ने यह भी माना कि ट्रंप के लिए हिलेरी से जीतना नहीं होगा आसान

जिंदल ने ट्रंप के इंडियाना प्राइमरी चुनाव जीतने और रिपब्लिकन पार्टी का संभावित उम्मीदवार बनने के कुछ ही घंटों पहले कहा, मुझे लगता है कि डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यम वर्ग की चिंताओं को भुनाया है। वह जो बात कह रहे हैं, मतदाता उन बातों पर प्रतिक्रिया दे रहे है, इसलिए वह जीत रहे हैं। वह कह रहे हैं कि वह उनके लिए लड़ेंगे। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि ट्रंप के लिए हिलेरी को हराना आसान नहीं होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश