1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: प्रतिनिधि सभा के स्पीकर रेयान ने किया ट्रम्प का समर्थन

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: प्रतिनिधि सभा के स्पीकर रेयान ने किया ट्रम्प का समर्थन

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 03, 2016 12:20 pm IST,  Updated : Jun 03, 2016 12:24 pm IST

वाशिंगटन: नवंबर में होने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति पद चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी की एकजुटता को बड़ी मजबूती प्रदान करते हुए प्रतिनिधि सभा के स्पीकर पॉल रेयान ने पार्टी के संभावित उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प

donald trump- India TV Hindi
donald trump

वाशिंगटन: नवंबर में होने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति पद चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी की एकजुटता को बड़ी मजबूती प्रदान करते हुए प्रतिनिधि सभा के स्पीकर पॉल रेयान ने पार्टी के संभावित उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प का समर्थन किया है और कहा है कि असहमति से अधिक कई मुद्दों पर उनके विचार एक हैं।

गजट एक्स्ट्रा के ओप-एड में प्रकाशित एक लेख में रेयान ने कहा, ‘मुझे यह विश्वास है कि वह लोगों के जीवन में सुधार लाने में मददगार विचारों को एजेंडे में तब्दील करने और फिर उन्हें कानून की शक्ल देने में हमारी मदद करेंगे। इसी वजह से मैं उनके लिए मतदान करूंगा।’

गौरतलब है कि मई में हुए इंडियाना प्राइमरी चुनावों में जीत के बाद डोनाल्ड ट्रम्प के पार्टी के संभावित उम्मीदवार के तौर पर उभरने पर रेयान ने कई राजनीतिक मतभेदों का हवाला देते हुए ट्रम्प का अनुमोदन करने से इनकार किया था। इसके बाद दोनों के बीच कई दौर की बैठकें हुईं और फोन पर बातचीत हुई। बहरहाल, स्पीकर ने इस बात पर जोर दिया है कि दोनों व्यक्तियों के बीच मतभेद के बावजूद कई मुद्दों पर उनके विचारों में समानता है।

उन्होंने कहा, हमारे बीच मतभेद किसी से छिपा नहीं है। मैं कोई बहाना नहीं बनाना चाहता और जब भी मुझे जरूरत महसूस होगी मैं अपने मन की बात कहता रहूंगा। लेकिन हकीकत यह भी है कि हमारे एजेंडे को पूरा करने वाले मुद्दों पर असहमति के बावजूद हमारे विचारों में समानता है। रेयान ने ट्वीट किया, ‘इस बार मैं डोनाल्ड ट्रम्प के लिए मतदान करूंगा। मुझे विश्वास है कि वह प्रतिनिधि सभा के जीओपी के एजेंडे को कानून का रूप देने में हमारी मदद करेंगे।’

रेयान ने कहा कि शुरू से उनका (ट्रम्प का) लक्ष्य रिपब्लिकन पार्टी को एकजुट करना है ताकि वे जीत सकें। बहरहाल, ट्रम्प ने रेयान के अनुमोदन का स्वागत किया है और कहा कि वह हफ्तों से इसका इंतजार कर रहे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश