1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका की शिकायत, उत्तर कोरिया मसले पर कुछ खास नहीं कर रहा चीन

अमेरिका की शिकायत, उत्तर कोरिया मसले पर कुछ खास नहीं कर रहा चीन

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 30, 2017 09:02 pm IST,  Updated : Jun 30, 2017 09:02 pm IST

व्हाइट हाउस ने कहा है कि उत्तर कोरिया परमाणु और मिसाइल परीक्षण करके लगातार अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन कर रहा है और चीन इस मसले में पर्याप्त काम नहीं कर रहा है।

H R McMaster | AP File Photo- India TV Hindi
H R McMaster | AP File Photo

वॉशिंगटन: व्हाइट हाउस ने कहा है कि उत्तर कोरिया परमाणु और मिसाइल परीक्षण करके लगातार अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन कर रहा है और चीन इस मसले में पर्याप्त काम नहीं कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल एच आर मैकमास्टर ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि चीन पर्याप्त काम कर रहा है क्योंकि समस्या हल नहीं हो रही है। अब प्रश्न यह है कि इसे हल करने के लिए हमें मिल कर कितना कुछ करना चाहिए।’

मैकमास्टर ने कहा, ‘तो इस तरह की चर्चा हम चीनी नेतृत्व से करते रहेंगे। उन पर दबाव नहीं बनाएंगे, लेकिन उनके साथ काम करेंगे।’ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सप्ताह चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर मुलाकात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह चीन पर किसी तरह का दबाव डालने वाला नहीं बल्कि साझाा हितों के क्षेत्रों में चीन के साथ मिल कर काम करने वाला होना चाहिए। दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच फ्लोरिडा में हुई मुलाकात में दोनों नेता कोरियाई प्रायद्वीप को परमाणु मुक्त कराने के साझाा उद्देश्य पर सहमत हुए थे।

मैकमास्टर ने कहा, ‘यह साथ काम करने का एक ठोस आधार है। हालांकि बहुत कुछ किया जाना बाकी है। राष्ट्रपति ने कहा है कि वह उस उत्तर कोरियाई शासन को बर्दाश्त नहीं करेंगे जो अमेरिका को निशाना बना सकता है, जो परमाणु हथियार के साथ अमेरिका पहुंच सकता है। वह इसे जरा भी बर्दाश्त नहीं कर सकते।’ अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि उत्तर कोरिया ने साल 2016 में 2 परमाणु परीक्षण और 20 बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण किए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश