1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. जो बाइडेन के खिलाफ गंभीर आरोपों को छिपा रहा है प्रेस और सोशल मीडिया, डोनाल्ड ट्रंप का आरोप

जो बाइडेन के खिलाफ गंभीर आरोपों को छिपा रहा है प्रेस और सोशल मीडिया, डोनाल्ड ट्रंप का आरोप

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 29, 2020 09:09 am IST,  Updated : Oct 31, 2020 09:51 am IST

ट्रंप ने एरिजोना में बुधवार को कहा, ‘‘ एक व्यक्ति है जो पकड़ा गया है और मीडिया उस बारे में लिखना नहीं चाहती। आपको पता है, इसे क्या कहते हैं प्रेस की स्वतंत्रता नहीं, बल्कि प्रेस का दमन।’’

जो बाइडेन के खिलाफ गंभीर आरोपों को छिपा रहा है प्रेस और सोशल मीडिया, डोनाल्ड ट्रंप का आरोप- India TV Hindi
जो बाइडेन के खिलाफ गंभीर आरोपों को छिपा रहा है प्रेस और सोशल मीडिया, डोनाल्ड ट्रंप का आरोप Image Source : PTI

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मुख्यधारा की मीडिया और सोशल मीडिया कम्पनियों पर उनके प्रतिद्वंद्वी एवं डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडेन के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को छिपाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे अमेरिका में प्रेस के दमन जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। ट्रंप ने कहा कि मीडिया बाइडेन और उनके परिवार के खिलाफ नहीं लिखना चाहता। 

ट्रंप ने एरिजोना में बुधवार को कहा, ‘‘ एक व्यक्ति है जो पकड़ा गया है और मीडिया उस बारे में लिखना नहीं चाहती। आपको पता है, इसे क्या कहते हैं प्रेस की स्वतंत्रता नहीं, बल्कि प्रेस का दमन।’’ ट्रंप का इशारा जो बाइडेन के बेटे हंटर बाइडेन के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की ओर था। ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ ने अपनी एक खबर में हंटर बाइडेन पर रूस, चीन और यूक्रेन से पैसे लेने का आरोप लगाया है। 

हालांकि, जो बाइडेन और उनका परिवार इन सभी आरोपों को खारिज कर चुका है। ट्रंप ने कई चुनावी रैलियों में मुख्यधारा मीडिया पर बाइडेन परिवार के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बारे में नहीं लिखने का आरोप लगाया है। ट्रंप ने कहा, ‘‘ हमारे पास प्रेस की स्वतंत्रता नहीं है बल्कि प्रेस का दमन हो रहा है।’’ 

गौरतलब है कि अमेरिका में तीन नवम्बर को राष्ट्रपति चुनाव है। चुनाव में एक तरफ डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडेन हैं तो दूसरी ओर रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार और मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं। दोनों ही चुनाव जीतने के लिए खूब प्रचार कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश