वाशिंगटन: नासा की मदद से एक ड्रोन के जरिए वर्जीनिया में एक अस्थायी मुफ्त चिकित्सालय में मरीजों के लिए दवाओं और अन्य चिकित्सा सामग्री आपूर्ति की गई।
नासा के एक विमान ने एक नई कंपनी, फ्लर्टी इंक द्वारा संचालित एक मानवरहित विमान प्रणाली को इस काम में मदद दी और चिकित्सालय को चिकित्सा आपूर्ति सुनिश्चित की गई। यह चिकित्सालय 1,500 से अधिक मरीजों को अपनी सेवा उपलब्ध करता है।
परीक्षणों के दौरान नासा के एक लांगली साइरस एसआर22 विमान ने दक्षिण पश्चिम वर्जीनिया में ताजेवेल काउंटी में स्थित एक हवाईअड्डे से 10 पाउंड चिकित्सा सामग्री उठाई।
विमान ने वाइज काउंटी में लोनसम पाइन हवाईअड्डे पर स्थित चिकित्सालय को दवाओं की आपूर्ति कर दी। विमान में हमेशा एक सेफ्टी पायलट सवार रहता है।
नासा के लांगली अनुसंधान सेवा निदेशालय के उपनिदेशक, फ्रैंक जोन्स ने कहा, "मानव रहित इस पहली हवाई आपूर्ति ने हमें अपने साइरस एसआर22 के साथ कुछ महत्वपूर्ण अनुसंधान और मिशन की जांच-पड़ताल करने का मौका दिया।"
जोन्स ने एक बयान में कहा, "हमने पहली बार एक अस्थायी जमीनी अड्डे से विमान को सुदूर स्थान के लिए उड़ाया।"
इसके पहले वे इस विमान को कई बार नासा लांगली में अपने स्थायी जमीनी अड्डे से रिमोट के जरिए उड़ा चुके थे।
जोन्स ने कहा, "इससे हमें एक नई क्षमता प्रदर्शित करने का मौका मिला है, जिसका इस्तेमाल हम किसी सुदूरवर्ती स्थान में मानवरहित मिशन के सिद्धांतों और विमान प्रौद्योगिकियों के परीक्षण में कर सकते हैं।"
चालक दल के सदस्यों ने आपूर्तियों को 24 छोटे-छोटे पैकेट में बांट दिया था, ताकि उन्हें छोटे, मानवरहित ड्रोन के जरिए मुफ्त चिकित्सालय को दो घंटों के दौरान होने वाली कई उड़ानों में आपूर्ति की जा सके।