कोलंबिया: अमेरिकी राज्य साउथ कैरोलिना में भीषण बाढ़ के कारण मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर नौ हो गई है। बाढ़ के कारण हजारों लोगों को बिजली संकट और पेयजल की कमी का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ से प्रभावित निवासियों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण मांगी है जबकि कल सैकड़ों सड़कों और पुलों के बंद होने के कारण अधिकारियों ने हवाई मार्ग से लोगों को बाहर निकाला।
गर्वनर निक्की हेली ने बुरी तरह प्रभावित राजधानी कोलंबिया से बाहर संवाददाताओं को बताया कि साउथ कैरोलिना के लगभग 26,000 नागरिक बिजली से वंचित हैं और करीब 40,000 के पास पेयजल नहीं है। हेली ने मरने वालों की ताजा संख्या के बारे में पुष्टि की है। उन्होंने इस बाढ़ को लगभग एक हजार साल के दौरान आयी पहली भीषण बाढ़ बताया है। कोलंबिया के मेयर स्टीव बेंजामिन के मुताबिक, कम से कम नौ बांध टूट गये हैं। राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक आपदा घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए हैं जिसके तहत प्रभावित राज्य को संघीय सहायता मुहैया कराई जाएगी।