वॉशिंगटन: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज एच. डब्ल्यू. बुश का शुक्रवार को निधन हो गया। लो ब्लड प्रेशर और संक्रमण के कारण उन्हें मई में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। साथ ही वह पर्किंसन से भी पीड़ित थे। देश के 41वें राष्ट्रपति रहे जॉर्ज हर्बर्ट वॉकर बुश का कार्यकाल 1989 से 1993 तक था। राष्ट्रपति बनने से पहले बुश 8 साल तक अमेरिका के उपराष्ट्रपति भी थे। उनके बेटे जॉर्ज डब्ल्यू. बुश भी अमेरिका के 43वें राष्ट्रपति रहे हैं। वह ऐसे अंतिम अमेरिकी राष्ट्रपति थे, जिन्होंने दूसरे विश्व युद्ध में अपनी सेवाएं दी थीं।
Related Stories
सीनियर बुश ने अमेरिका को शीतयुद्ध के दौर से बाहर निकालने में मदद की थी और उनके कार्यकाल में ही इसका अंत हुआ था। उन्होंने राजनीति में 3 दशक से ज्यादा का वक्त बिताया था। उनके बेटे एवं अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने एक बयान में कहा, ‘जेब, नील, मार्विन, डोरो और मैं यह घोषणा करते हुए काफी दुखी हैं कि 94 वर्ष के सराहनीय जीवन के बाद हमारे प्रिय पिता का निधन हो गया।’ जॉर्ज डब्ल्यू बुश के प्रवक्ता ने उनका यह बयान ट्विटर पर जारी किया। उन्होंने कहा कि जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश एक सदचरित्र व्यक्ति और सर्वश्रेष्ठ पिता थे।
आपको बता दें कि इसी साल अप्रैल में बुश की पत्नी बारबरा का भी निधन हो गया था। वह 92 वर्ष की थीं। बुश और बारबरा ने 73 साल पहले शादी की थी। वह 16 साल की उम्र में पहली बार बुश से मिली थीं और उस समय वह स्कूल में पढ़ती थी। उन्होंने वर्ष 1945 में शादी की जब नौसैन्य अधिकारी बुश छुट्टी लेकर आए। शादी के 13 साल में दोनों 6 बच्चों के माता-पिता बने। इनमें पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश, रॉबिन, जेब, नील, मार्विन और डोरोथी बुश शामिल हैं। बेटी रॉबिन की 3 साल की उम्र में ल्यूकेमिया से मौत हो गई थी। बुश अपने पीछे 17 नाती-पोते और 7 पड़पोते-पड़पोतियां भी छोड़ गए हैं।
पत्नी बारबरा के निधन के बाद से ही बुश के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुईं थी। पूर्व प्रथम महिला के निधन के अगले दिन 23 अप्रैल को ही बुश को रक्त में संक्रमण के कारण अस्तपाल में भर्ती कराया गया था। वह वहां 13 दिन तक भर्ती रहे थे। रक्तचाप और थकान की शिकायत के चलते उन्हें मई में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ दिन बाद उन्हें वहां से छुट्टी दे दी गई और 12 जून को उन्होंने अपना 94वां जन्मदिन मनाया। बुश अमेरिका के सबसे उम्रदराज जीवित राष्ट्रपति थे।
CIA के पूर्व अध्यक्ष 8 नवंबर 1988 को राष्ट्रपति चुने गए। 20 जनवरी 1989 को उन्होंने पद की शपथ ग्रहण की और 20 जनवरी 1993 तक पद पर रहे।
राजनीतिक स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय आम सहमति के पक्षधर रहे बुश की विचारधारा मौजूदा रिपब्लिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बिल्कुल विपरीत थी। वर्ष 2016 के चुनाव में बुश ने ट्रम्प को अपना मत तक नहीं दिया था। जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश का जन्म 12 जून 1924 को मैसचुसेट्स के मिल्टन में हुआ था।