वॉशिंगटन: भारत को संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में पिछले छह दशक के योगदान के लए सम्मानित किया गया है। भारत को यह सम्मान अमेरिका के कैपिटल हिल में संयुक्त राष्ट्र के शांति रक्षक अंतर्राष्ट्रीय दिवस से संबंधित कार्यक्रम के दौरान दिया गया। अमेरिका में भारत के राजदूत अरुण कुमार सिंह ने यह सम्मान ग्रहण किया। इस कार्यक्रम का आयोजन बेटर वर्ल्ड कैंपेन, द यूएन एसोसिएशन ऑफ यूएसए और भारत-अमेरिका व्यापार परिषद की ओर से किया गया था।
संयुक्त राष्ट्र के 69 शांति अभियानों में से भारत ने करीब 44 अभियानों में सहयोग दिया है। इसके तहत भारत ने करीब 1,80,000 शांति रक्षक भेजे हैं, जो इस मिशन के तहत दुनिया के किसी भी देश का सर्वाधिक योगदान है। संयुक्त राष्ट्र के शांति रक्षक अभियानों में अब तक अब 158 भारतीय शहीद हुए हैं।
वर्ष 2015 में भारत के शांति रक्षकों की संख्या सबसे अधिक है, भारत ने 10 अभियानों में करीब 8,000 रक्षकों को भेजा था, इस अभियान में फीमेल फॉर्म्ड पुलिस यूनिट भी शामिल है।
शांति अभियान के महत्व तथा भूमिका पर अरुण सिंह ने का, "भारत संयुक्त राष्ट्र के 1950 के दशक से शुरू हुए शांति अभियान के गौरवमय इतिहास से अंतर्राष्ट्रीय शांति तथा सुरक्षा को बनाए रखने में संयुक्त राष्ट्र की सहायता को लेकर प्रतिबद्ध है।"
उन्होंने कहा, "भारतीय सैनिकों और पुलिसकर्मियों को चुनौतिपूर्ण परिस्थिति के बीच उच्च क्षमता के प्रदर्शन करने के लिए विश्वभर में सम्मान मिला है।"
इस कार्यक्रम में बेटर वर्ल्ड कैंपेन के अध्यक्ष पीटर येयो, संयुक्त राष्ट्र फाउंडेशन की अध्यक्ष कैथी कैल्विन, भारत-अमेरिका व्यापार परिषद के अध्यक्ष डॉ.मुकेश अगी और संयुक्त राष्ट्र फील्ड सपोर्ट विभाग के अवर महासचिव अतुल खरे ने भी हिस्सा लिया था।