1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. जो बाइडेन ने खुद को लगवाया कोरोना का टीका, अमेरिकी जनता से कहा चिंता न करें

जो बाइडेन ने खुद को लगवाया कोरोना का टीका, अमेरिकी जनता से कहा चिंता न करें

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 22, 2020 07:49 am IST,  Updated : Dec 22, 2020 08:48 am IST

जो बाइडेन ने कोरोना की वैक्सीन के लिए वैज्ञानिकों का धन्यवाद किया है और साथ में अमेरिकी जनता से कहा है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है

जो बाइडेन ने खुद को...- India TV Hindi
जो बाइडेन ने खुद को कोरोना का टीका लगवाया है Image Source : JOE BIDEN TWITTER

अमेरिका में राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने वाले डेमोक्रैट जो बाइडेन ने खुद को कोरोना वायरस का टीका लगवा लिया है और ट्विटर पर इसके बारे में घोषणा की है। जो बाइडेन ने कोरोना की वैक्सीन के लिए वैज्ञानिकों का धन्यवाद किया है और साथ में अमेरिकी जनता से कहा है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है और जैसे ही वैक्सीन उपलब्ध होगी सभी को मुहैया कराई जाएगी। बाइडेन अगले महीने राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रंप को हराया है। 

जो बाइडेन की उम्र 78 वर्ष है और वह अमेरिका के उन लोगों में आते हैं जो कोरोना को लेकर हाई रिस्क में हैं। जो बाइडेन को फाइजर की ओर से विकसित कोरोना की वैक्सीन की डोज दी गई है। अमेरिका में फाइजर की कोरोना वैक्सीन को आधिकारिक मंजूरी मिली है। कोरोना वैक्सीन को लेकर अमेरिकी जनता के बीच विश्वास बढ़ाने के लिए बाइडेन ने एक लाइव टेलिविजन कार्यक्रम में कोरोना का टीका लगवाया है। 

क्रिस्टियाना केयर अस्पताल में नर्स और कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं की प्रमुख ताबा मासा ने बाइडन को टीका लगाया। बाइडन ने ट्वीट किया, ‘‘आज मैंने कोविड-19 का टीका लगवाया। उन वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को शुक्रिया, जिन्होंने इसे संभव बनाने के लिए अथक मेहनत की। इसके लिए हम सभी आपके आभारी रहेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिकी लोग यह जान लें कि चिंता की कोई बात नहीं है। मैं आपसे अपील करता हूं कि जब भी टीका उपलब्ध हो, आप इसे लगवाएं।’’ बाइडन के टीकाकरण के बाद नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने ट्वीट किया, ‘‘एक नेता को ऐसे ही काम करना चाहिए।’’ कमला हैरिस अगले सप्ताह सार्वजनिक रूप से टीका लगवाएंगी।

पूरी दुनिया में कोरोना वायरस की वजह से  सबसे ज्यादा तबाही अमेरिका में ही हुई है, अमेरिका में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 1.84 करोड़ तक पहुंच गए हैं और अबतक वहां पर 3.26 लाख से ज्यादा लोगों की कोरोना की वजह से जान चली गई है। अमेरिका में रोजाना कोरोना के 2-3 लाख मामले सामने आ रहे हैं और 3 हजार लोगों की मौत हो रही है। माना जाता है कि अमेरिका में कोरोना का बेकाबू होना डोनाल्ड ट्रंप की हार का सबसे बड़ा कारण रहा है। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश