Tuesday, February 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. प्रमुख अमेरिकी रक्षा कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने तेजस की सफल लैंडिंग पर भारत को बधाई दी

प्रमुख अमेरिकी रक्षा कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने तेजस की सफल लैंडिंग पर भारत को बधाई दी

Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Published : Sep 20, 2019 08:46 am IST, Updated : Sep 20, 2019 08:58 am IST

परीक्षण में विमानवाहक पोत पर उतरने के बाद थोड़ी दूरी पर ही तेजस विमान के रुकने की क्षमता प्रदर्शित हुई थी।

Lockheed Martin congratulates successful Tejas arrest landing - India TV Hindi
Lockheed Martin congratulates successful Tejas arrest landing | PTI

वॉशिंगटन: अत्याधुनिक लड़ाकू विमान बनाने के लिए मशहूर अमेरिका की दिग्गज कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने भारत के स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान (LCA) तेजस की सफल ‘अरेस्ट लैंडिंग’ के लिए बधाई दी है। साथ ही कंपनी ने कहा है कि वह भारतीय नौसेना के एलसीए कार्यक्रम का समर्थन करने को उत्सुक है। भारत ने पिछले हफ्ते गोवा में तेजस की सफल ‘अरेस्ट लैंडिंग’ की थी। यह जेट के नौसेना संस्करण के विकास में मील का पत्थर है। परीक्षण में विमानवाहक पोत पर उतरने के बाद थोड़ी दूरी पर ही विमान के रुकने की क्षमता प्रदर्शित हुई।

लॉकहीड मार्टिन के उपाध्यक्ष (रणनीति और व्यवसाय विकास) विवेक लाल ने भारतीय नौसेना, वैमानिकी विकास एजेंसी और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को बधाई दी तथा इसे महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लॉकहीड मार्टिन भारत के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और हम नौसेना के एलसीए कार्यक्रम का समर्थन करने को उत्सुक हैं। भारत को F-21 फाइटर जेट विमान की बिक्री के लिए लॉकहीड मार्टिन द्वारा जोर दिए जाने के बारे में उन्होंने कहा कि यह भारत और अमेरिका के रक्षा संबंधों को मजबूत बनाने का सबसे अच्छा तरीका है।

Lockheed Martin congratulates successful Tejas arrest landing | Lockheed Martin Corporation

लॉकहीड मार्टिन ने एफ-21 को खासतौर से भारत के लिए डिजाइन किया है। Photo: Lockheed Martin Corporation

लाल ने कहा कि इस तरह के व्यापार सौदे से भारत 165 अरब अमेरिकी डालर के वैश्विक बाजार का केंद्र बन जाएगा। उन्होंने कहा कि F-21 के लिए समझौते से भारतीय उद्योग दुनिया के सबसे बड़े और सबसे उन्नत लड़ाकू विमान तंत्र से जुड़ सकेंगे। इस महीने के अंत में ह्यूस्टन और न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बैठकों के दौरान चर्चा के महत्वपूर्ण विषयों में से एक रक्षा व्यापार के होने की उम्मीद है। उन्होंने जोर दिया कि F-21 भारतीय वायु सेना और भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सबसे अच्छा समाधान है। 

Lockheed Martin congratulates successful Tejas arrest landing |

एफ-16 की एक तस्वीर। Lockheed Martin Corporation 

इस बारे में आगे बताते हुए लाल ने कहा कि इससे भारतीय वायुसेना को आगे बढ़ने, लंबे समय तक टिके रहने और किसी भी प्रतिस्पर्धी लड़ाकू की तुलना में प्रति मिशन अधिक युद्धक सामग्री पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि  F-21 भारतीय कंपनियों के लिए अमेरिका और दुनिया भर में लॉकहीड मार्टिन तथा अन्य प्रमुख उद्योगों के साथ नए व्यापारिक संबंध स्थापित करने के लिए बेहतरीन अवसर प्रदान करता है। आपको बता दें कि लॉकहीड मार्टिन ने एफ-16, एफ-22 जैसे कुछ बेहद ही मशहूर लड़ाकू विमान और सी-130 हरक्यूलिस जैसे मिलिटरी ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट बनाए हैं। (PTI)

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement