1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. भारत यात्रा के लिए ट्रंप ने अभी फैसला नहीं किया है: व्हाइट हाउस

भारत यात्रा के लिए ट्रंप ने अभी फैसला नहीं किया है: व्हाइट हाउस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 02, 2018 08:56 am IST,  Updated : Aug 02, 2018 08:56 am IST

बता दें कि भारत ने अगले साल गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य अतिथि बनने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को न्योता भेजा है। अगर वह इसे स्वीकार करते हैं तो इसे विदेश नीति के लिहाज से मोदी सरकार की बड़ी सफलता मानी जाएगी।

भारत यात्रा के लिए ट्रंप ने अभी फैसला नहीं किया है: व्हाइट हाउस- India TV Hindi
भारत यात्रा के लिए ट्रंप ने अभी फैसला नहीं किया है: व्हाइट हाउस

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भारत की यात्रा करने के लिए न्यौता मिला है, लेकिन इस पर अभी कोई फैसला नहीं किया गया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने कहा, ‘‘मैं जानती हूं कि न्यौता मिला है लेकिन मैं नहीं मानती कि इसपर अंतिम फैसला कर लिया गया है।’’ पत्रकारों ने उनसे उन रिपोर्टों के बारे में पूछा था जिसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले साल के गणतंत्र दिवस समारोह में ट्रंप को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि 2+2 वार्ता में राष्ट्रपति की अगले साल की यात्रा पर चर्चा की जाएगी।

बता दें कि भारत ने अगले साल गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य अतिथि बनने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को न्योता भेजा है। अगर वह इसे स्वीकार करते हैं तो इसे विदेश नीति के लिहाज से मोदी सरकार की बड़ी सफलता मानी जाएगी। भारत की ओर से यह निमंत्रण इसी साल अप्रैल माह में भेजा गया है।

अभी तक अमेरिकी सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया गया है। ट्रंप यदि भारत आते हैं तो उनका यह दौरा उनके पूर्ववर्ती बराक ओबामा के दौरे से भी ज्यादा चर्चित होगा। बराक ओबामा साल 2015 में रिपब्लिक डे परेड के चीफ गेस्ट थे।

मोदी सरकार गणतंत्र दिवस समारोह में दुनिया के दिग्गज नेताओं को बुलाती रही है। यह निमंत्रण भी उसी परंपरा के तहत भेजा गया है। साल 2015 में बराक ओबामा, 2016 में फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रैंकोईस होलैंड, 2017 में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और 2018 में आसियान के सभी 10 नेता भारतीय गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश