1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ओबामा ने नेताओं से भड़काऊ शब्दों से बचने को कहा

ओबामा ने नेताओं से भड़काऊ शब्दों से बचने को कहा

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 18, 2016 11:33 am IST,  Updated : Jul 18, 2016 11:34 am IST

बेटन रूज में हुई गोलीबारी की निंदा करते हुए आज राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इसे कायराना हमला करार दिया और राष्ट्रीय एकजुटता बनाए रखने की अपील की।

barack obama- India TV Hindi
barack obama

वाशिंगटन: बेटन रूज में हुई गोलीबारी की निंदा करते हुए आज राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इसे कायराना हमला करार दिया और राष्ट्रीय एकजुटता बनाए रखने की अपील की। इसके साथ ही ओबामा ने अमेरिकी जनता और नेताओं से भड़काऊ शब्दों से बचने और देश को बांटने की जगह उसे एकजुट रखने पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

लुसियाना के बेटन रूज में एक पूर्व अफ्रीकी-अमेरिकी मरीन द्वारा तीन पुलिस अधिकारियों की हत्या किए जाने के बाद ओबामा ने व्हाइट हाउस से देश के नाम जारी एक संदेश में कहा, आप किसी भी नस्ल, राजनीतिक पार्टी, पेशे या संगठन के क्यों न हों, इस समय हर किसी को ऐसे शब्दों और गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जो इस देश को बांटने की जगह एकजुट कर सकते हों। गोलीबारी की निंदा करते हुए उन्होंने कहा, पुलिस पर किए गए हमले दरअसल हम पर किए गए हमले हैं। ये कानून के उस शासन पर किए गए हमले हैं, जो समाज को संभव बनाता है।

ओबामा ने पूर्व में दिए गए एक बयान में पुलिस अधिकारियों पर की गई गोलीबारी को एक कायराना और निंदनीय हमला बताते हुए कहा था, एक देश के तौर पर हमें इस बात को लेकर मुखर और स्पष्ट रहना है कि कानून-प्रवर्तन के खिलाफ हिंसा को किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता। बंदूकधारी ने तीन अन्य पुलिस अधिकारियों को घायल भी कर दिया था। क्लीवलैंड में रिपब्लिकन कन्वेंशन की पूर्व संध्या पर पूरे देश को दहला देने वाले इस हमले का जिम्मेदार बंदूकधारी खुद भी मारा गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश