वाशिंगटन: अमेरिका के इंडियाना में प्राइमरी के लिए मतदान शुरू होने के साथ ही अब ऐसी सूरत बनती नजर आ रही है कि नवंबर महीने में राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेट हिलेरी क्लिंटन आमने-सामने होंगे। इंडियाना में ट्रंप की जीत टेक्सास के सीनेटर टेड क्रूज के अभियान पर विराम लगा सकती है। क्रूज ट्रंप को रोकने की कोशिश में हैं।
इंडियाना में जीते, तो ट्रंप बन जाएंगे राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार
ट्रंप ने साउथ बेंड में उत्साहित समर्थकों से कहा, इंडियाना में बड़ा मुकाबला होने जा रहा हैं, क्योंकि अगर हम इंडियाना में जीतते है कि इसके साथ दूसरे लोग (प्रतिद्वंद्वी) रास्ते से हट जाएंगे। उस हालात में ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बन जाएंगे। इसके बाद ट्रंप और उनके समर्थक सिर्फ हिलेरी क्लिंटन पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हो सकती हैं हिलेरी क्लिंटन
इंडियाना के प्राइमरी चुनाव से पहले बड़ी खबर प्रतिष्ठानों और राजनीतिक पंडितों का कहना है कि राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी हिलेरी क्लिंटन के हाथ आ सकती है जबकि ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार बन सकते हैं। सीएनएन ने अपने हालिया सर्वेक्षण में कहा कि देश का यही मूड है। सीएनएन: ओआरसी के नए सर्वेक्षण के अनुसार, अमेरिका में 84 प्रतिशत मतदाता सोचते हैं कि नवंबर में रिपब्लिकन पार्टी की टिकट पर ट्रंप मैदान में होंगे। वहीं 85 प्रतिशत मतदाता डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी हिलेरी क्लिंटन के हाथ आने की बात कहते हैं। हिलेरी 51 प्रतिशत डेमोक्रेटिक मतदाताओं की पसंद हैं जबकि 49 प्रतिशत रिपब्लिकन मतदाताओं का कहना है कि वे अपना उम्मीदवार ट्रंप को बनाना चाहेंगे।