1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. इन 5 ‘खतरनाक’ रूसियों पर अमेरिका ने लगाया बैन, जानें क्या है मामला

इन 5 ‘खतरनाक’ रूसियों पर अमेरिका ने लगाया बैन, जानें क्या है मामला

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 17, 2019 10:50 am IST,  Updated : May 17, 2019 10:50 am IST

अमेरिका ने रूस में विपक्ष के एक नेता की हत्या समेत उत्पीड़न के मामलों को लेकर 5 रूसी नागरिकों पर प्रतिबंध लगाए हैं।

United State bans 5 Russian individuals over human rights abuse | AP File- India TV Hindi
Russian President Vladimir Putin | AP

वॉशिंगटन: अमेरिका ने रूस में विपक्ष के एक नेता की हत्या समेत उत्पीड़न के मामलों को लेकर 5 रूसी नागरिकों पर प्रतिबंध लगाए हैं। ये प्रतिबंध ऐसे समय में लगाए गए हैं, जब हाल में रूस और अमेरिका के बीच शीर्ष स्तर की बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच तनाव कम होता लग रहा था। रूस में मानवाधिकार को लेकर एक कानून के तहत उठाए गए कदमों पर विदेश मंत्रालय ने कांग्रेस को सौंपी गई एक वार्षिक रिपोर्ट में 5 लोगों और एक संस्था के खिलाफ उठाए कदमों की जानकारी दी।

इस कानून का नाम भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने वाले रूसी लेखाकार सर्गेई मैग्नित्स्की के नाम पर रखा गया है, जिनकी 2009 में हिरासत में मौत हो गई थी। इस कानून के तहत अमेरिका कालीसूची में डाले गए लोगों की संपत्ति पर रोक और अमेरिका आने पर प्रतिबंध लगाता है। काली सूची में डाले गए 5 लोगों में रूस के चेचन्या के उत्तरी कॉकेशस में गृह मंत्रालय के अधिकारी रसलेन गेरेमेयेव भी शामिल हैं। उनके ऊपर रूस के पूर्व उपप्रधानमंत्री बोरिस नेमत्सोव की हत्या में शामिल होने का आरोप है।

अमेरिका ने 2 रूसी जांचकर्ताओं एलेना अनातोलीवना त्रिकुल्या और गेनेडी व्याचेस्लावोविच कारलोव पर भी मैग्नित्स्की की हिरासत और मौत के मामले में कथित रूप से तथ्य छिपाने के मामले में प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसके अलावा चेचेन्या में तेरेक स्पेशल रैपिड रिस्पॉन्स टीम और उसके कमांडर अबुजायेद विस्मुरादोव पर भी प्रतिबंध लगाए गए है। उल्लेखनीय है कि 2 दिन पहले ही विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने रूस के सोची में पुतिन से मुलाकात की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश