वाशिंगटन: अमेरिका ने बगदाद के ग्रीन जोन को आमजन के लिए खोलने पर विरोध जताया है। इसे 12 साल बाद आम लोगों के लिए खोला गया है। इस ग्रीन जोन में शीर्ष इराकी राजनीतिक संस्थान एवं दूतावास स्थित हैं। अमेरिका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मार्क टोनर ने संवाददाताओं से कहा, हमने इन प्रतिबंधों में ढील देने को लेकर बार बार अपनी चिंताएं जाहिर की हैं। उन्होंने कहा, यह ढील दिए जाने और यह कार्रवाई किए जाने के मद्देनजर हम सुरक्षा स्थिति पर नजर रख रहे हैं और सुरक्षा संबंधी हमारे रख में हम जरूरत के हिसाब से बदलाव करेंगे।
इराक ने रविवार को इस संबंध में घोषणा की थी। हालांकि अब भी कई प्रतिबंध बरकरार हैं। बहरहाल, इस घोषणा के बाद आम लोगों की इस बड़े इलाके में सीमित पहुंच ही बढ़ी है। अधिकतर गलियों को अब भी विशेष स्थान का दर्जा प्राप्त है लेकिन इसके बावजूद इस घोषणा से यातायात की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। टोनर ने बताया कि इराकी अधिकारियों ने ग्रीन जोन को फिर से खोलने की तैयारी की पूरी प्रक्रिया के बारे में अमेरिकी सरकार को जानकारी दी थी। 2011 के अंत में अमेरिकी बलों को बगदाद से वापस बुला लिया गया था लेकिन अमेरिकी सशस्त्र बल अमेरिकी दूतावास और यात्रा पर आए अमेरिकी अधिकारियों को भी अब भी भारी सुरक्षा मुहैया कराते हैं।