1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. दुनिया में बढ़ा तेल संकट तो ढीली पड़ गई अमेरिका की अकड़, अब रूसी तेल टैंकर को क्यूबा जाने की दी इजाजत

दुनिया में बढ़ा तेल संकट तो ढीली पड़ गई अमेरिका की अकड़, अब रूसी तेल टैंकर को क्यूबा जाने की दी इजाजत

 Published : Mar 30, 2026 10:59 am IST,  Updated : Mar 30, 2026 11:06 am IST

पश्चिम एशिया में जंग के चलते जिस तरह के हालात बने हैं उसकी वजह से दुनिया के कई देशों में ईंधन संकट गहरा गया है। जिन देशों में ईंधन की कमी हुई है उनमें क्यूबा भी शामिल है। संकट के बीच क्यूबा को लेकर अमेरिका के रुख में अब बदलाव भी दिखने को मिला है।

Oil Tanker- India TV Hindi
Oil Tanker Image Source : AP

America Allows Russian Oil Tanker: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग की वजह से दुनिया भर में तेल संकट गहरा गया है। तेल संकट के बीच यूनाइटेड स्टेट्स कोस्ट गार्ड एक रूसी टैंकर को क्यूबा की ओर आगे बढ़ने की इजाजत दी है। रूसी टैंकर में कच्चा तेल भरा है। अमेरिका के इस कदम से क्यूबा में गहराते ईंधन संकट में कुछ राहत मिल सकती है। यह रिपोर्ट न्यूयॉर्क टाइम्स ने दी है, जिसमें उसने इस मामले से परिचित एक अमेरिकी अधिकारी का हवाला दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार टैंकर रविवार शाम तक क्यूबा के समुद्री क्षेत्र से कुछ ही मील की दूरी पर था और इसमें अनुमानित 730,000 बैरल कच्चा तेल लदा है। फिलहाल क्यूबा इस समय ईंधन के भारी संकट से जूझ रहा है। 

अमेरिका कर क्या रहा था?

यह घटनाक्रम ऐसे समय पर सामने आया है जब अमेरिका की ओर क्यूबा पर लगातार दबाव बनाने के प्रयास किए गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने जनवरी से क्यूबा को तेल की आपूर्ति को सीमित कर दिया था। इतना ही नहीं अमेरिका ने क्यूबा को ईंधन की आपूर्ति करने वाले देशों को चेतावनी भी दी थी और एक टैंकर को क्यूबा के समुद्री क्षेत्र से खदेड़ा भी था। फिलहाल, यूएस कोस्ट गार्ड ने क्षेत्र में मौजूद है और उसने रूसी तेल टैंकर को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।

भविष्य में क्या होगा?

न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि रूसी टैंकर को रोकने के लिए कोई निर्देश जारी नहीं किया गया था। आदेश ना मिलने की वजह से टैंकर को आगे बढ़ने की इजाजत दी गई है। इस फैसले के पीछे का कारण अभी भी स्पष्ट नहीं है और न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस बारे में कोई आधिकारिक बयान भी सामने नहीं आया है। भविष्य में भी इसी तरह की खेपों को अनुमति दी जाएगी या नहीं इसे लेकर अभी संशय की स्थिति बनी हुई है।

क्यूबा को मिलेगी थोड़ी राहत

रूसी तेल टैंकर के आने से क्यूबा को थोड़े समय के लिए आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। क्यूबा फिलहाल ईंधन की कमी और व्यापक आर्थिक चुनौतियों के कारण भारी दबाव का सामना कर रहा है। इससे पहले 19 मार्च को अमेरिका ने 30 दिनों का एक नया 'सामान्य लाइसेंस' जारी किया था। इस लाइसेंस के तहत रूसी कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री की अनुमति दी गई थी। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार दबाव में हैं।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार लड़खड़ाकर जमीन पर गिरे, VIDEO का सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक

डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा, "ईरान ने सम्मान में होर्मुज स्ट्रेट से अमेरिका को भेजे तेल से लदे 20 बड़े जहाज"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश