1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ ने मचाई तबाही, 100 से अधिक लोगों की हुई मौत; कई लापता

अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ ने मचाई तबाही, 100 से अधिक लोगों की हुई मौत; कई लापता

 Published : Jul 08, 2025 10:50 am IST,  Updated : Jul 08, 2025 10:50 am IST

टेक्सास में आई भयानक बाढ़ की चपेट में आने से 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। बाढ़ की वजह से कई लोग अब भी लापता हैं जिनकी तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

America Texas Flood- India TV Hindi
America Texas Flood Image Source : AP

America Texas Flood: अमेरिका के टेक्सास में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ ने भयानक तबाही मचाई है। यहां हालात भयावह हैं और  मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 100 से अधिक हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि जान गंवाने वालों में गर्मी की छुट्टियों में आयोजित शिविरों (समर कैंप) में भाग लेने वाले कई बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण कम से कम 104 लोगों की मौत हुई है। बाढ़ की वजह से कई लोग अब भी लापता हैं।

क्या बोले अधिकारी

टेक्सास हिल कंट्री में ग्रीष्मकालीन शिविर ‘कैंप मिस्टिक’ के संचालकों ने बताया कि उसके शिविर में भाग ले रहे 27 लोगों की बाढ़ के कारण मौत हुई है। केर काउंटी के अधिकारियों ने बताया कि शिविर में भाग ले रहे 11 लोग लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि बचाव कर्मियों को‘कैंप मिस्टिक’ और कई अन्य ग्रीष्मकालीन शिविरों का आयोजन करने वाली इस काउंटी में 28 बच्चों सहित 84 लोगों के शव मिले हैं। 

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

बता दें कि, शुक्रवार तड़के भारी बारिश के कारण ग्वाडालूप नदी का जलस्तर 45 मिनट में 26 फीट (लगभग 8 मीटर) तक बढ़ गया, जिससे टेक्सास हिल कंट्री क्षेत्र में भारी तबाही मच गई। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बचाव दल लापता लोगों का पता लगाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। 

ये है अमेरिका का हाल!

अमेरिका की राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, बीते 25 वर्षों में हर साल औसतन 125 लोगों की बाढ़ से मौत हुई है। इनमें सबसे ज्यादा मौतें अचानक आने वाली बाढ़ों के कारण होती हैं। अमेरिका में सितंबर 2024 में तूफान हेलेन ने दस्तक दी थी। तूफान ने फ्लोरिडा, जॉर्जिया, कैरोलिनास, टेनेसी और वर्जीनिया को प्रभावित किया था। राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, इस तूफान के कारण करीब 250 लोगों की मौत हुई थी। इनमें ज्यादातर लोग तेज हवा से नहीं, बल्कि भीतरी इलाकों में आई भारी बाढ़ से मारे गए थे। 

America Texas Flood
Image Source : APAmerica Texas Flood

अमेरिका में जानलेवा बाढ़

  • 2022 में केंटकी में आई बाढ़ में 45 लोगों की मौत
  • अगस्त 2021 में भारी बारिश के चलते टेनेसी के छोटे से शहर वेवरली में नदियों के उफान पर आने से बाढ़ आई, जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई थी। 
  • अगस्त 2017 में टेक्सास में आए तूफान हार्वे से कई इलाकों में अचानक बाढ़ आई, जिसमें कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई थी।
  • जून 2016 में वेस्ट वर्जीनिया तूफान ने दस्तक दी। इस तूफान के चलते आई बाढ़ से 23 लोगों की मौत हो गई थी। 
  • अक्टूबर 2012 में सुपरस्टॉर्म सैंडी तूफान ने न्यूयॉर्क और आसपास के इलाकों में दस्तक दी। इस तूफान के चलते आई बाढ़ से 147 लोगों की मौत हुई थी।  
  • 2011 में भारी बारिश और बर्ष पिघलने से मिसिसिपी नदी में बाढ़ आ गई। इस बाढ़ के चलते ओक्लाहोमा, मिसौरी, अर्कांसस, लुइसियाना और टेनेसी में 24 लोगों की मौत हुई थी।
  • सितंबर 2008 में टेक्सास के गैल्वेस्टन शहर में तूफान आइक के चलते आई बाढ़ से 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे। 
  • 2005 में आया तूफान कैटरीना अमेरिका के इतिहास का सबसे घातक तूफान था जिसमें करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। 
  • जून 2001 में आए उष्टकटिबंधीय तूफान एलिसन से ह्यूस्टन में भारी बाढ़ आई। करीब 41 लोगों की मौत हो गई थी।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान में शेर ने गली में लगाई छलांग, मचाया आतंक, लोगों पर किया हमला; देखें VIDEO

पाकिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ ने बरपा दिया कहर, कम से कम 72 लोगों की हुई मौत; भयावह हैं हालात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश