अमेरिका के कोलोराडो में हुए आतंकी हमले पर राष्ट्रपति ट्रंप का बयान सामने आया है। डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट करते हुए इस हमले की निंदा है। ट्रंप ने इस हमले को लेकर कहा है कि यह हमला अमेरिका में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने इस हमले के बाइडेन सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है। ट्रंप ने कहा है कि यह एक उदाहरण है कि हमें क्यों अवैध अमेरिका विरोधी कट्टरपंथियों को देश से बाहर निकालना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कोलोराडो के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
ट्रंप ने हमले पर क्या बोला?
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, "कल बोल्डर, कोलोराडो में हुआ भयानक हमला संयुक्त राज्य अमेरिका में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ये बाइडेन की हास्यास्पद खुली सीमा नीति के माध्यम से आया, जिसने हमारे देश को बहुत नुकसान पहुंचाया है। उसे "ट्रम्प" नीति के तहत बाहर जाना चाहिए। आतंकवाद के कृत्यों पर कानून की पूरी सीमा तक मुकदमा चलाया जाएगा। यह एक और उदाहरण है कि हमें अपनी सीमाओं को सुरक्षित क्यों रखना चाहिए, और अवैध, अमेरिकी विरोधी कट्टरपंथियों को अपनी मातृभूमि से बाहर क्यों निकालना चाहिए। इस भयानक त्रासदी के पीड़ितों और बोल्डर, कोलोराडो के महान लोगों के प्रति मेरी संवेदना है!"

हमले में 6 लोग हुए घायल
बता दें कि अमेरिका के कोलोराडो राज्य के बोल्डर इलाके में रविवार को एक शख्स ने कई लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। ये हमला मोलोटोव कॉकटेल से किया गया, जो कि एक पेट्रोल बम की तरह काम करता है। इस हमले में 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं इस घटना को लेकर अमेरिका की खुफिया एजेंसी एफबीआई ने टार्गेट आतंकी हमला बताया। हमलावर की पहचान मोहम्मद सबरी सोलिमन के रूप में हुई। भीड़ पर हमला करने के बाद मोहम्मद सोलिमन ने 'फ्री फिलिस्तीन' का नारा भी लगाया। फिलहाल उसे हिरासत में ले लिया गया है।