Israel US Iran War: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग जारी है। जंग के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को बड़ा दावा किया। ट्रंप का कहना है कि अमेरिकी लोगों को संबोधित करने से पहले ईरान के राष्ट्रपति सीजफायर चाहते थे। ट्रंप ने यह दावा अपनी Truth Social वेबसाइट पर किया है। ट्रंप की पोस्ट पर ईरान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ट्रंप ने क्या कहा?
राष्ट्रपति ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट कर कहा, "ईरान के नए शासन के राष्ट्रपति, जो अपने पूर्ववर्तियों की तुलना में कहीं कम कट्टरपंथी और कहीं अधिक समझदार हैं ने अभी-अभी संयुक्त राज्य अमेरिका से 'युद्धविराम' (Ceasefire) का अनुरोध किया है! हम इस पर तभी विचार करेंगे, जब होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) खुला, स्वतंत्र और पूरी तरह से साफ होगा। तब तक, हम ईरान को पूरी तरह से तबाह कर देंगे, या जैसा कि लोग कहते हैं, उसे 'पाषाण युग' (Stone Ages) में वापस भेज देंगे!!!"
ट्रंप के दावे से अलग ईरान के विदेश मंत्री का बयान
ट्रंप के दावे से अलग ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने मंगलवार देर रात एक इंटरव्यू में तेहरान की लड़ाई जारी रखने की इच्छा का संकेत दिया था। उन्होंने कहा था कि आप ईरान के लोगों से धमकियों और समयसीमा की भाषा में बात नहीं कर सकते। अराघची ने कहा था कि हम अपनी रक्षा के लिए कोई समयसीमा तय नहीं करते।
IRGC ने कहा- 'नहीं खुलेगा होर्मुज स्ट्रेट'
इस बीच ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति के बेतुके दिखावों से होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खुलेगा। IRGC का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट में स्थिति पूरी तरह और मजबूती के साथ उसके नियंत्रण में है और अमेरिकी राष्ट्रपति के बेतुके दिखावों से इसे राष्ट्र के दुश्मनों के लिए नहीं खोला जाएगा।
ट्रंप ने पहले भी किए हैं दावे
ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी जंग में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार इस तरह के दावे कर चुके हैं। ट्रंप ने कई बार कहा है कि ईरान सीजफायर चाहता है। ईरान ने लगातार इस तरह के दावों का खंडन किया है। फिलहाल, जंग जारी है और दोनों और से हमले किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
Israel US Iran War: इजरायल की सेना ने बताया ईरान के खिलाफ जंग में अब तक क्या-क्या किया
'ईरानी शासन को कुचला जा रहा, तय है उसका ढहना'; जानें PM नेतन्याहू ने और क्या कहा
कहां हैं ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई? रूसी दूत ने बताई सच्चाई