1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. चार्ली किर्क की पत्नी एरिका का बड़ा बयान, कहा- 'अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मेरे पति जैसे'; मचा नया बवाल

चार्ली किर्क की पत्नी एरिका का बड़ा बयान, कहा- 'अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मेरे पति जैसे'; मचा नया बवाल

 Written By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Nov 01, 2025 02:36 pm IST,  Updated : Nov 01, 2025 03:31 pm IST

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को लेकर अब सोशल मीडिया पर एक नया बवाल मच गया है। अमेरिका के राइटविंग एक्टिविस्ट दिवंगत चार्ली किर्क की पत्नी ने जेडी वेंस में अपने पति जैसी समानताएं होना बताया है। इससे जुड़ा उनका एक गले मिलने का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

चार्ली किर्क की पत्नी एरिका और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस एक कार्यक्रम में गले मिलते हुए।- India TV Hindi
चार्ली किर्क की पत्नी एरिका और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस एक कार्यक्रम में गले मिलते हुए। Image Source : X@PATRIOTTAKES

वाशिंगटनः अमेरिका के पूर्व दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट रहे चार्ली किर्क की हत्या के करीब 2 महीने बात उनकी पत्नी एरिका किर्क का बड़ा बयान सामने आया है। चार्ली किर्क की विधवा एरिका किर्क ने उपराष्ट्रपति जे डी वेंस को अपने पति जैसा बताया है। एरिका ने टर्निंग पॉइंट यूएसए (टीपीयूएसए) के एक कार्यक्रम में कहा, "कोई कभी मेरे पति की जगह नहीं ले सकता, लेकिन जे डी (वेंस) में मेरे पति की कुछ समानताएं दिखती हैं।" यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। 

टीपीयूएसए के संस्थापक थे चार्ली किर्क

एरिका किर्क के पति चार्ली किर्क टीपीयूएसए के संस्थापक थे। चार्ली की 10 सितंबर 2025 को यूटा वैली यूनिवर्सिटी में एक भाषण के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 22 वर्षीय टायलर रॉबिन्सन पर हत्या का आरोप है और इस मामले की एफबीआई जांच जारी है।  किर्क की मौत ने रूढ़िवादी आंदोलन को झकझोर दिया, लेकिन एरिका ने उनके मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।

 

जेडी वेंस और एरिका के  वीडियो ने मचाया सोशल मीडिया पर तूफान

मिसिसिपी के यूनिवर्सिटी ऑफ मिसिसिपी में आयोजित इस कार्यक्रम में एरिका ने वेंस का परिचय कराया, जहां दोनों के बीच गले मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तूफान मचा रहा है। यह काफी रोमांटिक अंदाज में है। एरिका ने फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में कहा, "मैं डरने वाली नहीं हूं। चार्ली की विरासत को बचाने के लिए लड़ूंगी।" उन्होंने वेंस को "अद्भुत" बताते हुए कहा कि वह चार्ली की तरह युवा रूढ़िवादियों को प्रेरित करते हैं। वेंस ने भी किर्क को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, "चार्ली का जुनून हमें मजबूत बनाता है।" यह बयान ऐसे समय आया है, जब कांसर्वेटिव समुदाय में वेंस की लोकप्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। कुछ एक्स (पूर्व ट्विटर) पोस्ट्स में एरिका-वेंस के गले मिलने को "अनुचित" बताते हुए साजिश सिद्धांत गढ़े जा रहे हैं, जबकि अन्य इसे समर्थन का प्रतीक मान रहे हैं। 

पत्नी उषा को हिंदू से ईसाई बनने को प्रेरित करने वाले बयान के बीच नया बवाल

जेडी वेंस और एरिका किर्क का यह वीडियो ऐसे समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जब अभी 2 दिन पहले ही जेडी वेंस ने एक कार्यक्रम में अपनी पत्नी उषा को हिंदू धर्म त्याग कर ईसाई पंथ ग्रहण करने को प्रेरित किया था। जेडी वेंस ने कहा था कि "मैं चाहता हूं कि मेरी पत्नी हिंदू से ईसाई धर्म में परिवर्तन कर लें। मैं वाकई में चाहता हूं कि मेरी पत्नी ईसाई धर्म को उसी तरह देखें, जैसा का मैं देखता हूं। "...इस पर जेडी वेंस को सोशल मीडिया पर काफी सफाई देनी पड़ी थी। अब एरिका द्वारा जेडी वेंस को पति जैसा बताने और उसके बाद गले मिलने का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर नया बवाल मच गया है। हालांकि इस पर अभी तक उषा वेंस का कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश