1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप का दवा- "होर्मुज पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल, ईरान की अर्थव्यवस्था पूरी तरह ढह रही"

ट्रंप का दवा- "होर्मुज पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल, ईरान की अर्थव्यवस्था पूरी तरह ढह रही"

 Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 02, 2026 08:02 am IST,  Updated : Sep 02, 2026 08:33 am IST

ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका का होर्मुज पर लगभग पूरा नियंत्रण है। अमेरिका ने ईरान के ठिकानों पर ताजा हवाई हमले किए हैं, जिसके बाद ट्रंप का ये बयान आया है।

US President Donald Trump- India TV Hindi
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Image Source : PTI

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर अब "लगभग पूरा कंट्रोल" है और ईरान की अर्थव्यवस्था "पूरी तरह ढह रही" है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका ने ईरान के ठिकानों पर ताजा हवाई हमले किए हैं और इसके जवाब में तेहरान ने भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एबीसी न्यूज की उस रिपोर्ट को खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि वह ईरान को फिर से बातचीत की मेज पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि उन्हें ईरान के साथ किसी समझौते के लिए दबाव बनाने में कोई दिलचस्पी नहीं है।

उन्होंने कहा कि अगर ईरान कोई ऐसा समझौता करता है, जो उनके लिए बेकार है, तो भी मुझे उससे फर्क नहीं पड़ता। ट्रंप ने मौजूदा स्थिति को बेहतर बताते हुए कहा कि अमेरिका का स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर "लगभग पूरा नियंत्रण" है और ईरान की अर्थव्यवस्था "पूरी तरह चरमरा रही है।"

ट्रंप की पोस्ट
Image Source : TRUTHSOCIAL.COM/@REALDONALDTRUMPट्रंप की पोस्ट

ईरान की जनता से ट्रंप की अपील

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने बयान में सीधे ईरान की जनता से सरकार के खिलाफ खड़े होने की अपील भी की। उन्होंने सवाल किया, "ईरान के लोग कब उठेंगे और लड़ेंगे?"

ट्रंप इससे पहले भी कई बार दावा कर चुके हैं कि अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। हालांकि, ईरान ने इन दावों को खारिज किया है और कहा है कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर नियंत्रण अभी भी उसके पास है।

तेल की कीमतों में तेज उछाल

अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने का सीधा असर वैश्विक तेल बाजार पर भी पड़ा है। मंगलवार को कच्चे तेल की कीमतों में 4 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई और कीमतें करीब पांच सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं।

होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। ईरान ने इस रास्ते से होने वाले जहाजों के आवागमन को प्रभावी तौर पर रोक दिया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिकी हमलों के बाद चेतावनी दी कि इन कार्रवाइयों से रणनीतिक जलडमरूमध्य पर "पकड़ और कड़ी" होगी।

ईरानी अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर तेहरान को फारस की खाड़ी के रास्ते अपना तेल निर्यात करने से रोका गया, तो किसी अन्य देश को भी वहां से तेल निर्यात करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सीजफायर से भी ट्रंप ने किया इनकार

ट्रंप ने ईरान के साथ एक और युद्धविराम की संभावना को भी खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि तेहरान के साथ किसी समझौते का कोई मतलब नहीं है और ईरान को पहले ही पर्याप्त मौके दिए जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें-

'अब बदला लेने की मत सोचना, नहीं तो...', ईरान को ट्रंप ने दी चेतावनी, जानें क्या क्या कह दिया

ईरान से जंग के बीच अमेरिका को बड़ा झटका, सेना मंत्री ने दिया इस्तीफा; हेगसेथ से चल रही थी अनबन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश