1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. फंस गए ट्रंप के पूर्व NSA जॉन बोल्टन, गोपनीय जानकारी साझा करने के लगे आरोप

फंस गए ट्रंप के पूर्व NSA जॉन बोल्टन, गोपनीय जानकारी साझा करने के लगे आरोप

 Published : Oct 17, 2025 09:03 am IST,  Updated : Oct 17, 2025 09:11 am IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन पर गोपनीय दस्तावेजों के दुरुपयोग के आरोप लगे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बड़ी बात कही है।

Donald Trump Former NSA John Bolton- India TV Hindi
Donald Trump Former NSA John Bolton Image Source : AP

ग्रीनबेल्ट: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रह चुके जॉन बोल्टन पर गंभीर आरोप लगे हैं।बोल्टन पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने गोपनीय सरकारी दस्तावेज अपने घर में रखे और सरकारी कामकाज से जुड़े गोपनीय विवरण अपने परिजनों के साथ साझा किए। बोल्टन पर 18 आरोपों वाले अभियोग पत्र में यह भी कहा गया है कि ईरान से जुड़े हैकर्स ने बोल्टन के ईमेल अकाउंट को हैक कर गोपनीय सूचनाओं तक पहुंच बनाई थी। 

बोल्टन को किया गया था बर्खास्त

बोल्टन ने 2021 में संघीय जांच ब्यूरो (FBI) को अपने ईमेल हैक किए जाने की सूचना दी थी लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया था कि उन्होंने उस अकाउंट से गोपनीय जानकारी साझा की थी जो अब हैकरों के हाथ लग गई। यह मामला रिपब्लिकन पार्टी के विदेश नीति के विशेषज्ञों में से एक बोल्टन पर केंद्रित है, जो अपनी कठोर विदेश नीति और युद्ध समर्थक रुख के लिए जाने जाते हैं। ट्रंप के पहले कार्यकाल में वह एक साल से अधिक समय तक उनके साथ रहे लेकिन 2019 में उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था। 

बोल्टन ने क्या कहा?

जॉन बोल्टन ने ट्रंप की कड़ी आलोचना करते हुए किताब भी प्रकाशित की है। पिछले एक महीने में ट्रंप के किसी आलोचक के खिलाफ दर्ज यह तीसरा मामला है। बोल्टन ने आरोपों से इनकार किया और इसे ‘‘ट्रंप द्वारा अपने विरोधियों को डराने का प्रयास’’ बताया है। उन्होंने कहा, ‘‘अब मैं न्याय विभाग के राजनीतिक हथकंडे का नया शिकार बन गया हूं।’’ 

परिजनों के साथ साझा की गोपनीय जानकारी 

अभियोग के अनुसार, 2018 से लेकर अगस्त 2024 तक बोल्टन ने अपने 2 परिजनों के साथ 1,000 से अधिक पन्नों की गोपनीय जानकारी साझा की जिनमें अति गोपनीय बैठकों, खुफिया रिपोर्टों और विदेशी नेताओं से बातचीत के विवरण शामिल थे। इन दस्तावेजों में से कुछ में विदेशी दुश्मनों की सैन्य योजनाएं, गुप्त अमेरिकी अभियान और हमलों की जिम्मेदारी से जुड़ी सूचनाएं थीं।

ट्रंप ने भी दी प्रतिक्रिया

जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बोल्टन के अभियोग के बारे में पूछा गया तो उन्होंने हैरानी जताई और कहा कि उन्हें इस बारे में पहले जानकारी नहीं थी। ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है वह एक बुरा व्यक्ति है। ट्रंप और बोल्टन के बीच 2019 में बोल्टन के व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद से विवाद चल रहा है।

यह भी पढ़ें: 

डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को फिर दी चेतावनी, बोले- 'रक्तपात नहीं रोका तो मारने के अलावा...'

सीजफायर से ठीक पहले काबुल पर हुए थे ड्रोन अटैक, तालिबान सरकार ने खोली पाकिस्तान की पोल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश